वन्य जीव संरक्षण और पर्यावरण की रक्षा जरुरी है: दलजीत/गुरजिंदर

दातारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। प्रदूषण और अन्य कारणों से वन संपदा के साथ कई वन्य प्राणियों का अस्तित्व खतरे में है। पूरे देश के साथ कंडी इलाका में भी कुछ वर्षो से वन्य प्राणी अपना अस्तित्व खो रहे हैं लेकिन उनके संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयास नाकाफी दिखते हैं। ऐसे में यह भी लग रहा है कि नई पीढ़ी के लिए पशु-पक्षी व पेड़ पौधे सिर्फ किताबों में ही देखने को मिलें। आज वन्य जीव संरक्षण दिवस पर रेंज अफसर गुरजिन्द्र सिंह तथा वन रेंज अफसर दलजीत कुमार ने भटोली नर्सरी नजदीक दातारपुर में कहा जंगलों में आग की घटनाओं और क्षेत्र में चोरी-छिपे वन्य प्राणियों का शिकार करने वालों की कोई कमी नहीं है। साथ में लगातार घट रही वन संपदा के कारण भी वन्य प्राणियों को अपना आप बचाना मुश्किल लग रहा है।

Advertisements

फायर सीजन में जब जंगल में आग लगती है तो उस वक्त क्षेत्र के जंगलों में पाई जाने वाली कई वन्य प्रजातियों का प्रजनन काल भी होता है। कुछ दिनों बाद बड़ी संख्या में इन वन्य क्षेत्रों में विचरने वाले पक्षी जंगली मुर्गी, तीतर, मोर, बटेर, कोयल और चिडिय़ा की कई प्रजातियां अंडे देती हैं। वहीं अन्य प्राणियों में कक्कड़, सांभर, खरगोश, सुअर और तेंदुआ में से कई की प्रजनन क्रिया का तो कई का मीटिग सीजन भी होता है। जंगल की आग के बाद सब कुछ तबाह हो जाता है। कई वन्य प्राणियों को आग लगने के बाद असमय काल का ग्रास बनना पड़ता है। कई जानवर जो वनों में आग लगने के बाद भाग जाते हैं, उन्हें दोबारा अपना ठिकाना ढूंढना मुश्किल हो जाता है। फायर सीजन से ठीक पहले भी शिकारियों की बंदूकें इन बेसहारा जानवरों पर तनी रहती हैं। वन माफिया ने भी क्षेत्र के जंगलों को नुकसान पहुंचाया है। इस विषय में वन रेंज अधिकारी गुरजिंदर सिंह तथा रेंज अधिकारी दलजीत कुमार ने कहा वन्य जीव संरक्षण जरूरी है लिहाजा हमने क्षेत्र के जंगलों को आग से बचाने के लिए जनता को जागरूक किया है और हम आग की घटनाओं को रोकने में कामयाब भी हुए हैं। विभाग की तरफ से विभिन्न गांवों में जागरूकता शिविरों का भी आयोजन किया जाता है। शिकारियों और वन माफिया पर भी नजर रखी जाती है। वन संपदा खुले खजाने की तरह होती है। इसकी सुरक्षा हर कोई करे तो वन संपदा के साथ वन्य प्राणियों की भी रक्षा की जा सकती।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here