तहसील स्तर पर भ्रष्टाचार-मुक्त और सुविधाजनक पहुँच वाला शासन प्रदान करेंगे : ब्रह्मशंकर जिम्‍पा

चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। ब्रह्मशंकर जिम्‍पा ने आज यहां पंजाब सिविल सचिवालय-1 में राजस्व, पुनर्वास और आपदा प्रबंधन, जल संसाधन और जल आपूर्ति और सेनिटेशन मंत्री के तौर पर पद संभाला।
अलॉट किये विभागों का चार्ज संभालने के उपरांत श्री जिम्पा ने कहा कि आम आदमी पार्टी ( आप) के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए वचनबद्ध है और अब राज्य में विकास के एक नये दौर की शुरुआत होगी। उन्होंने कहा कि आम लोगों को तहसील स्तर पर भ्रष्टाचार मुक्त, पारदर्शी, ज़िम्मेदार, जवाबदेह और आसान पहुँच वाला प्रशासन देने के लिए भ्रष्टाचार को जड़ से उखाड़ा जायेगा। भावी योजनाओं संबंधी जानकारी देते हुये कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उनका मुख्य मकसद सरकारी दफ़्तरों की कार्यकुशलता को बढ़ाना है जिससे आम नागरिकों तक ज़रूरी सेवाएं आसानी से पहुंचाई जा सकें। उन्होंने कहा, ‘‘राजस्व विभाग के तहसील स्तरीय दफ़्तरों में बढ़िया प्रशासन को यकीनी बनाया जायेगा और लोगों की सुविधा के लिए राजस्व रिकार्ड का अनुवाद भी किया जायेगा।’’
कैबिनेट मंत्री ने ’आप’ हाईकमान और पंजाब के मुख्यमंत्री स. भगवंत मान की तरफ से उनको कैबिनेट मंत्री के तौर पर लोगों की सेवा करने का मौका देने पर धन्यवाद किया। उन्होंने भरोसा दिया कि वह लोगों की आशाओं को पूरा करने के लिए हर संभव यत्न करेंगे और राज्य के सर्वपक्षीय विकास के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने आगे कहा कि सभी विभागों के कामकाज और कार्यकुशलता में सुधार किया जायेगा जिससे आम लोगों को सरकारी दफ़्तरों में किसी किस्म की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य मंतव्य राज्य के कुदरती स्त्रोतों को बचाना होगा। उन्होंने आगे कहा कि भूजल के संरक्षण के लिए ठोस प्रयास किये जाएंगे और सरकार बारिश के पानी की संभाल के लिए बड़े स्तर पर प्रोजेक्टों को आगे लाएगी। उन्होंने आगे कहा कि पंजाब सरकार जल आपूर्ति स्कीमों पर बिजली बिलों के बोझ को घटाने के लिए साधारण पावर पंपों को सौर ऊर्जा के साथ चलने वाले पंपों में तबदील करने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। उन्होंने पंजाब के लोगों से अपील की कि वह अपनी इस सरकार में विश्वास बनाये रखें क्योंकि इन महत्वपूर्ण प्रोजेक्टों को सही ढंग से लागू करने और सकारात्मक नतीजों के लिए कुछ समय लग सकता है।
ज़िक्रयोग्य है कि पूर्व उद्योग मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा को पराजित करके होशियारपुर से विधायक बने श्री जिम्पा पी. एस. आई. डी. सी. के वाइस चेयरमैन और वह 2003 से 2022 तक लगातार चार बार म्युंसिपल कमेटी होशियारपुर के काऊंसलर भी रहे हैं।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री के पारिवारिक मैंबर, अतिरिक्त मुख्य सचिव-कम-वित्तीय कमिश्नर राजस्व श्री विजय कुमार जंजूआ, सचिव राजस्व श्री मनवेश सिंह सिद्धू और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

Advertisements

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here