हिमाचल में आप के सामने ‘पहाड़’ सी चुनौती, पार्टी के पास नहीं है मजबूत संगठनात्मक ढांचा

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़) रिपोर्ट: रजनीश शर्मा। पंजाब के बाद आम आदमी पार्टी अब पहाड़ी राज्य हिमाचल में भी करिश्मे की उम्मीद के साथ तैयारी में जुट रही है। पहाड़ी राज्य के समीकरण स्पष्ट करते हैं कि पार्टी के सामने अभी भी ‘पहाड़’ जैसी चुनौती खड़ी है। इसमें आप के सामने संगठनात्मक ढांचा तैयार करना सबसे बड़ी समस्या है। वहीं हिमाचल के लोग इससे पहले तीसरे विकल्प के तौर पर नौ सियासी दलों को नकार चुके हैं।

Advertisements

हिमाचल में इसलिए आसान नहीं राह: हिमाचल में 2019 में लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को चारों सीट पर चुनाव लडऩे के बाद मात्र 2.06 फीसदी वोट मिले। वहीं पिछले साल सोलन नगर निगम चुनाव में भी आप ने सभी वार्डों से प्रत्याशी उतारे और चुनावी मैदान में ताल ठौकी। यहां भी आप को 2 फीसदी से कम वोट ही मिल पाए। वहीं 52 लाख से ज्यादा मतदाताओं वाले हिमाचल में अभी तक आम आदमी पार्टी के मात्र 2.25 लाख सदस्य ही हैं। पार्टी अभी तक हिमाचल के लोगों का व्यापक सपोर्ट सदस्यता के तौर पर पाने में नाकाम रही है। अब पंजाब की जीत के बाद इसमें तेजी आ सकती है।
सियासी समीकरण जरूर बिगाड़ेगी आप: राजनीतिक पंडितों के मुताबिक आप यदि प्रदेश की सभी 68 सीटों पर चुनाव लड़ती है तो सियासी समीकरण बिगाड़ सकती है। कांग्रेस-भाजपा दोनों दलों को इसका नुकसान उठाना पड़ सकता है। खासकर कांग्रेस खुद आप के चुनाव लडऩे से होने वाले नुकसान को लेकर खुद ही ज्यादा सतर्क है। वहीं पिछले दो सप्ताह में आप में शामिल हुए अधिकांश लोग कांग्रेस पृष्ठभूमि के रहे हैं।
6 अप्रैल की रैली से तय होगा पार्टी का भविष्य: आप हिमाचल में पूरी ऊर्जा के साथ चुनाव लड़ती है तो सत्ता विरोधी लहर के फायदे से उसके अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जा सकती है। पहाड़ पर आप की सियासत किस करवट बैठती है इसका अंदाजा 6 अप्रैल को मंडी में पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान के रोड शो से ही हो जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here