Wednesday, October 28, 2026
Home Chandigarh अमन अरोड़ा ने डेराबस्सी में उद्योग सेवा केंद्र का नींव पत्थर रखा

अमन अरोड़ा ने डेराबस्सी में उद्योग सेवा केंद्र का नींव पत्थर रखा

चंडीगढ़/एसएएस नगर, (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार राज्य में इंडस्ट्री को प्रोत्साहित करने, अधिक से सुविधाएं देने और पंजाब के युवाओं को रोजग़ार देने के लिए लगातार यत्नशील है। इसी मंतव्य के अंतर्गत आज पंजाब के सूचना एवं लोक संपर्क, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत और आवास निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री अमन अरोड़ा द्वारा डेराबस्सी में उद्योग सेवा केंद्र का नींव पत्थर रखा।  

Advertisements

डेराबस्सी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की इस इमारत का नींव पत्थर रखने के बाद कारोबारियों को संबोधित करते हुए श्री अमन अरोड़ा ने कहा कि इंडस्ट्री राज्य की रीढ़ की हड्डी है और मुख्यमंत्री स. भगवंत मान जी की सरकार राज्य में कारोबार एवं व्यापार को और आसान बनाने के लिए यत्नशील है। उन्होंने कहा कि किसी भी देश या राज्य की तरक्की में वहाँ की इंडस्ट्री का बड़ा योगदान होता है। इस उद्योग सेवा केंद्र से इस क्षेत्र के कारोबारियों को बहुत सी सुविधाएं मिलेंगी।  

उन्होंने कहा कि डेराबस्सी के कारोबारियों को दरपेश मुश्किलों के बारे में हम सुनते रहे हैं। यहाँ की इंडस्ट्री को पिछली सरकार द्वारा अनदेखा किया गया था और इंडस्ट्री की ओर ख़ास ध्यान नहीं दिया गया। अब भगवंत मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार द्वारा इंडस्ट्री को ज़रूरी बुनियादी सुविधाएं देने में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है। उन्होंने बताया कि आवास निर्माण एवं शहरी विकास विभाग ने स्टैंडअलोन उद्योगों के लिए बिल्डिंग प्लान को मंजूरी देने और संपूर्णता सर्टिफिकेट जारी करने समेत नगर निगम की हद से बाहर के उद्योगों की कम्पाऊंडिंग सम्बन्धी शक्तियां डायरैक्टर फैक्टरीज को सौंप दीं हैं, जिससे उद्योगपतियों को अपनी फ़ैक्टरियों के बिल्डिंग प्लान मंज़ूर करवाने के लिए दो अलग-अलग विभागों में आवेदन देने की ज़रूरत ना पड़े।  

उन्होंने कहा कि पंजाब में इंडस्ट्री लगाने के लिए सरकार द्वारा कई फ़ैसले लिए गए हैं, जिससे आज पंजाब पूरे देश में इंडस्ट्रीज लगाने के लिए पसन्दीदा स्थान के तौर पर उभर कर सामने आ रहा है। इस मौके पर उन्होंने विभिन्न कारोबारियों की इंडस्ट्री को लेकर समस्याएँ सुनी और उनका जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया।  

इससे पहले डेराबस्सी से विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने कैबिनेट मंत्री का विशेष रूप से सम्मान किया और डेराबस्सी की इंडस्ट्री को दरपेश मुश्किलें और यहाँ के पृष्ठभूमि सम्बन्धी जानकारी दी। इस मौके पर एस.डी.एम. डेराबस्सी हिमांशु गुप्ता, डेराबस्सी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रधान विजय मित्तल, सैक्रेटरी राकेश आर. अग्रवाल और अन्य अधिकारी और कारोबारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here