विजीलैंस जागरूकता सप्ताह शुरू, विजीलैंस ब्यूरो द्वारा पंजाब भर में जागरूकता फैलाने के लिए मुहिम की शुरुआत


चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़): समाज में पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदारी को प्रोत्साहित करने के लिए आज पंजाब विजीलैंस ब्यूरो द्वारा भ्रष्टाचार के बुरे प्रभावों संबंधी जागरूकता फैलाने के लिए ‘विजीलैंस जागरूकता सप्ताह’ मनाते हुए अपने अधिकारियों/कर्मचारियों को जागरूक किया गया।  इस जागरूकता सप्ताह की शुरुआत के अवसर पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी राज्य में भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन मुहैया करवाने के लिए सरकार की भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम में लोगों को सहयोग देने का संदेश दिया है। पंजाब के मुख्यमंत्री ने लोगों को एंटी करप्शन एक्शन लाईन वाट्सऐप नंबर 95012-00200 पर सही जानकारी भेजने के लिए कहा है और आश्वासन दिया है कि भ्रष्टाचार में शामिल किसी को भी बख़्शा नहीं जाएगा। राज्य भर में 31 अक्तूबर से 6 नवंबर तक ‘विजीलैंस जागरूकता सप्ताह’ मनाया जाएगा।  

Advertisements


इस सम्बन्धी जानकारी देते हुए विजीलैंस ब्यूरो के ए.डी.जी.पी.-कम-चीफ़ डायरैक्टर श्री वरिन्दर कुमार ने बताया कि यह सप्ताह मनाने का उद्देश्य सरकारी दफ़्तरों और समाज से भ्रष्टाचार के ख़ात्मे के लिए अहम भूमिका निभाने के लिए आम लोगों को जागरूक करना है।  उन्होंने कहा कि ‘भ्रष्टाचार मुक्त राज्य’ सुनिश्चित बनाने के लिए लोगों की सक्रिय भूमिका के लिए हमारे लगातार प्रयासों के हिस्से के तौर पर यह जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इस सप्ताह के दौरान अधिकारियों को रोकथाम उपायों को प्रभावशाली ढंग से लागू करने के लिए प्रेरित किया जाएगा, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही बरकरार रखी जा सके।  उन्होंने आगे बताया कि इस जागरूकता सप्ताह का मंतव्य केंद्रीय सतर्कता आयोग की परिकल्पना ‘विकसित राष्ट्र के लिए भ्रष्टाचार मुक्त भारत’ के थीम के अंतर्गत भ्रष्टाचार मुक्त समाज का सृजन करना है।  


विजीलैंस ब्यूरो के प्रमुख ने अधिकारियों/कर्मचारियों को कुशलता से काम करने और लम्बित विजीलैंस मामलों का जल्द निपटारा करने के लिए कहा।  विजीलैंस जागरूकता सप्ताह की शुरुआत के अवसर पर विजीलैंस ब्यूरो के संयुक्त निदेशक प्रशासन कंवलदीप सिंह ने ब्यूरो के समूह अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। इस मौके पर अन्यों के अलावा विजीलैंस ब्यूरो के डायरैक्टर राहुल एस. और मुख्य दफ़्तर के समूह अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे।  इस दौरान सभी विजीलैंस रेंजों और सब डिवीजनों में विजीलैंस जागरूकता सप्ताह मनाया गया, जहाँ फील्ड अफसरों ने विजीलैंस स्टाफ को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। रेंज के एस.एस.पीज ने इस जागरूकता सप्ताह के दौरान शैक्षिक संस्थाओं और दफ़्तरों में करवाए जाने वाले अलग-अलग जागरूकता प्रोग्राम की रूप-रेखा भी बनाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here