Friday, October 23, 2026
Home National मुख्यमंत्री द्वारा राज्य भर में सरकारी स्वास्थ्य देखभाल के बुनियादी ढांचे को...

मुख्यमंत्री द्वारा राज्य भर में सरकारी स्वास्थ्य देखभाल के बुनियादी ढांचे को मज़बूत करने का ऐलान

जगराओं, (द स्टैलर न्यूज़) : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज लोगों को अत्याधुनिक इलाज और जांच सेवाएं प्रदान करने के लिए राज्य भर में सरकारी स्वास्थ्य देखभाल के बुनियादी ढांचे को मज़बूत करने का ऐलान किया। आज यहाँ नये बने जच्चा-बच्चा देखभाल अस्पताल लोगों को समर्पित करने के बाद संबोधन करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा, ’’मतदान के दौरान हमने लोगों को मानक स्वास्थ्य सेवाओं की गारंटी देने का वायदा किया था और इस नेक कार्य के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जायेगी।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी अस्पतालों को अत्याधुनिक सहूलतों के साथ लैस करने के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में खाली पड़े सभी पद भरने के लिए बड़े स्तर पर भर्ती मुहिम शुरु की गई है। भगवंत मान ने कहा कि इन प्रयासों का एकमात्र मकसद यह यकीनी बनाना है कि लोगों को राज्य में बढ़िया स्वास्थ्य सहूलतें मिल सकें।

Advertisements

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि मौजूदा सरकारी अस्पतालों को नवीनतम सहूलतों के साथ लैस करने के साथ-साथ नये अस्पताल खोलने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद ज़ाहिर की कि पंजाब जल्द ही स्वास्थ्य देखभाल और मैडीकल शिक्षा के केंद्र के तौर पर उभरेगा। भगवंत मान ने कहा कि आने वाले पाँच सालों में 16 नये मैडीकल कालेज स्थापित किये जाएंगे जिससे मैडीकल कालेजों की कुल संख्या 25 हो जायेगी और इससे पंजाब मैडीकल शिक्षा केंद्र में बदल जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यहाँ नया बना जच्चा-बच्चा अस्पताल गर्भवती औरतों और नवजात बच्चों को मानक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि इस कदम का मकसद लोगों को इन अस्पतालों में मानक स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करवाना यकीनी बनाना है। भगवंत मान ने कहा कि आने वाले दिनों में राज्य भर में ऐसे और अस्पताल बनाऐ जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि मार्च, 2023 में पवित्र शहर अमृतसर में होने वाला प्रतिष्ठित जी-20 शिखर सम्मेलन पंजाब को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निवेश के लिए पसंदीदा स्थान के तौर पर उत्साहित करेगा। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन सरकार को नये कारोबार स्थापित करने के लिए अपनी प्राप्तियों और सहूलतें दिखाने के लिए उपयुक्त मंच भी प्रदान करेगा। भगवंत मान ने कहा कि हम सभी यह सुनहरी मौका है जब पंजाब को बेहतरीन मौकों की धरती के तौर पर उभारा जा सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य की खुशकिस्मती है कि उसे इस समागम की मेज़बानी करने का मौका मिला है, जिसमें विश्व भर के प्रमुख देश शिक्षा और श्रम जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों संबंधी चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि धान की फ़सल की चल रही खरीद और लिफ्टिंग की पूरी प्रक्रिया एक हफ्ते के अंदर-अंदर मुकम्मल कर ली जायेगी। पंजाब सरकार की तरफ से धान के एक-एक दाने की खरीद करने की दृढ़ वचनबद्धता को दोहराते हुये भगवंत मान ने कहा कि वह पूरी खरीद प्रक्रिया की निजी तौर पर निगरानी कर रहे हैं जिससे किसानों को किसी किस्म की दिक्कत का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि मौजूदा खरीद सीजन के दौरान राज्य भर के किसानों की तरफ से एक भी शिकायत प्राप्त नहीं हुई।

राज्य सरकार की तरफ से पिछले सात महीनों के दौरान की गई जन हितैषी पहलकदमियों का ज़िक्र करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि एक जुलाई से पंजाब सरकार ने हर बिल चक्र पर लोगों को 600 यूनिट तक मुफ़्त बिजली मुहैया करवाई है। उन्होंने बताया कि इसके नतीजे के तौर पर कुल 72.66 लाख में से लगभग 50 लाख परिवारों को सितम्बर महीने में बिजली का बिल ज़ीरो आया है। भगवंत मान ने कहा कि इस कदम से राज्य के लोगों को बड़ी राहत मिल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ने राज्य के संसाधनों को लूटने वाले भ्रष्ट नेताओं के खि़लाफ़ बड़े स्तर पर मुहिम शुरू की है। भगवंत मान ने कहा कि सरकार ने भ्रष्टाचार-विरोधी हेल्पलाइन जारी की है, जिसके द्वारा तकरीबन 250 भ्रष्टाचारियों को सलाखों के पीछे पहुँचाया गया है। उन्होंने कहा कि सिर्फ़ ईमानदार और समर्पित सरकार ही ऐसी मिसाली और जन हितैषी पहलकदमियां कर सकती है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राज्य सरकार ने ऐतिहासिक ‘एक विधायक-एक पैंशन बिल’ पास किया है, जिससे अब हरेक विधायक को पहले हरेक कार्यकाल की अलग पैंशनें मिलने की बजाय सिर्फ़ एक पैंशन मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 20 हज़ार से अधिक नौजवानों को मेरिट के आधार पर सरकारी नौकरियाँ दी हैं। भगवंत मान ने कहा कि ठेके पर भर्ती किये 36 हज़ार मुलाजिमों की सेवाओं को रेगुलर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और हाल ही में तकरीबन 9 हज़ार अध्यापकों की सेवाएं रेगुलर करने के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को मानक और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करने के लिए 75वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 100 आम आदमी क्लीनिक लोगों को समर्पित किये गए हैं। उन्होंने कहा कि इन क्लीनिकों के द्वारा तकरीबन 100 क्लिनीकल टैस्टों वाले 41 स्वास्थ्य पैकेज बिल्कुल मुफ़्त दिए जा रहे हैं। भगवंत मान ने उम्मीद जताई कि यह क्लीनिक पंजाब में समूचे स्वास्थ्य देखभाल ढांचे का कायाकल्प करने में अहम भूमिका निभाएंगे। इससे पहले जगराओं से विधायक सरबजीत कौर माणूके ने मुख्यमंत्री और अन्य मेहमानों का स्वागत किया। समागम के दौरान स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here