Tuesday, October 27, 2026
Home Chandigarh पंजाब में डर का माहौल,पंजाब से पलायन कर रहे लोग: वड़िंग

पंजाब में डर का माहौल,पंजाब से पलायन कर रहे लोग: वड़िंग

चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। राज्य में गैंगस्टरों द्वारा लोगों को टारगेट कर उनकी हत्याएं करने की वारदातों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा है कि राज्य में पूरी तरह से डर और आतंक का माहौल फैला हुआ है व लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, जिन्होंने पलायन करना शुरू कर दिया है। यहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, वड़िंग ने पीड़ितों द्वारा फिरौती देने से मना करने के बाद गैंगस्टरों की तरफ से कई हत्याएं किए जाने का जिक्र किया। पंजाब में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ था, जहां अब गैंगस्टरों ने बसेरा डाल लिया है।

Advertisements

हिमाचल, गुजरात ने केजरीवाल के मॉडल को नकारा

उन्होंने कहा कि लोगों में इतना डर व्याप्त है कि वे राज्य सहित देश को छोड़ने लगे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब से नए पासपोर्ट और उन्हें रिन्यू करने के आवेदन सबसे ज्यादा हैं व लोग यहां बने हालातों के चलते, राज्य को छोड़ना चाह रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर अपनी प्राथमिकताओं को तय करने में विफल रहने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि आप ने पंजाब के संसाधनों को गुजरात और हिमाचल प्रदेश में बर्बाद किया। इसके बावजूद भी उसे दोनों राज्यों में नकार दिया गया। उन्होंने आप नेतृत्व पर कटाक्ष करते हुए, सवाल किया कि आप के दिल्ली और पंजाब मॉडलों से हिमाचल और गुजरात में क्या हुआ? उन्होंने पंजाब की आप सरकार द्वारा गुजरात चुनावों के लिए किए गए भारी खर्च की जानकारियां दी। बावजूद इसके इन्हें वहां नकार दिया गया, क्योंकि लोगों ने इनके झूठ पर भरोसा नहीं किया। आप का मॉडल हर तरफ नकार दिया गया है। उन्होंने आप और अरविंद केजरीवाल पर भाजपा के लिए काम करने संबंधी अपने आरोप को दोहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि आप ने जानबूझकर सरकार विरोधी वोटों को बांटने का काम किया। जबकि हिमाचल में आप नहीं देखी और कांग्रेस ने राज्य में जीत का परचम लहराया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के लिए एक नई शुरुआत बनेगा और यह प्रदर्शन कर्नाटक, मध्य प्रदेश और गुजरात जैसे राज्यों में भी जारी रहेगा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मकान मालिकों को कोई नोटिस दिए बगैर जालंधर में रिहायशी इमारतों को गिराए जाने की निंदा की। उन्होंने कहा कि यदि कोई अदालती निर्देश थे, तो सरकार लोगों को बेघर करने की बजाय उन घरों में रहने वालों की कानूनी मदद कर सकती थी। छोटे दुकानदारों पर जीएसटी की छापेमारियों संबंधी सवाल का जवाब देते हुए, उन्होंने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक तरफ सरकार गुजरात में विज्ञापनों और चार्टेड फ्लाइटस पर करोड़ों रुपए बर्बाद कर रही थी, तो दूसरी ओर जीएसटी की छापेमारियों के साथ छोटे व्यापारियों को परेशान कर रही है, जो पंजाब में अब तक कभी नहीं हुआ था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here