Saturday, October 24, 2026
Home National एनएच के ओपन एरिया में केवल लाइन ड्रेनेज बनेगी: इंजीनियर सुशील

एनएच के ओपन एरिया में केवल लाइन ड्रेनेज बनेगी: इंजीनियर सुशील

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा । अटारी से लेह वाया हमीरपुर , आवाहदेवी, सरकाघाट, कोटली , मंडी, मनाली बन रहे एनएच 03 का  कोट से लेकर पाडछु तक का सेक्शन इन दिनों निर्माणाधीन है। अटारी से लेकर नादौन हमीरपुर तक यह फोरलेन रोड बनेगा। हमीरपुर से मंडी तक का हिस्सा टू लेन होगा।  इन दिनों हमीरपुर जिला के कोट से लेकर सरकाघाट के पाडछू तक एनएच 03 का निर्माण कार्य जोरशोर से जारी है। जगह जगह खुदाई का कार्य और डंगे लगाने का कार्य जारी है। इस दौरान लोगों को पेयजल की समस्या से जूझना पड़ रहा है। नियमित पानी का  छिड़काव न होने से चारों ओर धूल के गुब्बार उड़ रहे हैं। धूल के कारण अस्पतालों में चेस्ट इन्फेक्शन के रोगियों की संख्या बढ़ने लगी है। दूसरी ओर एनएच के किनारे बन रही ड्रेनेज को लेकर भी लोगों में आक्रोश फैला हुआ है। एनएच के अधिकारी विभिन्न तर्क दे लोगों को समझाने में लगे हैं लेकिन लोग संतुष्ट नहीं हो रहे। 

Advertisements

ओपन एरिया में लाइन ड्रेनेज और बिल्ट अप एरिया में बनेगी दोनों तरफ ड्रेनेज

एनएचएआई के साइट इंजीनियर सुशील कुमार ने बताया कि एनएच 03 के ओपन एरिया , जहां आबादी नहीं है, में लाइन ड्रेनेज बनेगी। लाइन ड्रेनेज से तात्पर्य सड़क के साथ खुली नाली से है। जहां बायपास बने हैं , वहां भी लाइन ड्रेनेज बनेगी।  इंजीनियर सुशील ने बताया कि बिल्ट अप एरिया में एनएच के दोनों ओर ड्रेनेज बन रही है। बिल्ट अप एरिया का अर्थ है , एनएच का वह क्षेत्र जहां आबादी बसी है।  नालियों के बनने के बाद लोगों को सड़क के किनारे पैदल चलने के लिए फायदा होगा। इसके अलावा एनएच 03 के किनारे खूबसूरत वर्षा शालिकाएं, बस स्टॉप, पार्क, तथा खूबसूरत पेड़ पौधे लगाए जाने की भी डीपीआर में योजना है। उचित स्थानों पर सोलर लाइट भी लगाई जाएगी। सरकाघाट की तरफ से एनएच को पक्का करने का कार्य शुरू हो चुका है।

डीपीआर के तहत हो रहा काम

इंजीनियर सुशील कुमार ने बताया कि एनएच को बनाने में कोई लीपा पोती नहीं हो रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि रोड को बनने दें , जब तक रोड बनकर तैयार नहीं हो जाता , धैर्य रखें। इंजीनियर सुशील ने कहा कि सारा काम डीपीआर के तहत ही हो रहा है। उन्होंने कहा कि एनएच का काम कंप्लीट हो जाने पर यह प्रदेश का सबसे खूबसूरत रोड होगा।  

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here