Monday, October 26, 2026
Home Himachal एक हफ्ते से पुलिस को नहीं मिल रही मेडिकल रिपोर्ट,बग्गी गांव का...

एक हफ्ते से पुलिस को नहीं मिल रही मेडिकल रिपोर्ट,बग्गी गांव का है मामला

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट: रजनीश शर्मा। हमीरपुर हमीरपुर जिला के टौणी देवी पुलिस चौकी के बग्गी गांव में 26 अगस्त को 5 व्यक्तियों को डंडों से मारपीट  कर घायल करने पर दर्ज  शिकायत मेडिकल रिपोर्टों पर आकर अड़ गई है। पुलिस की मानें तो मेडिकल कालेज अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट न होने के कारण मेडिकल रिपोर्ट आने में देरी हो रही है।

Advertisements

काबिलेगौर है कि 25 अगस्त की रात को कुछ हमलावर बग्गी गांव में आए और हरनाम सिंह, सलोचना देवी, विजय कुमार, रमेश कुमार निशा को डंडों से पीट कर चले गए। इनमें से निशा देवी जो कि प्रेगनेंट भी है मारपीट के बाद चार दिन सिविल अस्पताल टौणी देवी में रही जबकि हरनाम सिंह, विजय, रमेश और सलोचना को गंभीर चोटों के बाद मेडिकल के लिए मेडिकल कालेज  अस्पताल हमीरपुर लाया गया।

पीड़ित विजय कुमार का कहना है कि हमलावर मेरे ससुर देशराज, सास पवना कुमारी और साला अमित कुमार है और इनका साथ मेरी पत्नी शिल्पा ने भी दिया। विजय के अनुसार यदि किसी को कोई शिकायत थी तो वह पंच, प्रधान या पुलिस को लेकर  आते। जब मेरी पत्नी शिल्पा ने पंचायत प्रधान, अपने माता पिता और पुलिस को फोन कर आपबीती सुनाई तो हमलावर क्यों बिना पुलिस घर पर आकर परिवार के 5 सदस्यों को लहूलुहान कर रात को ही भाग गए।

शिल्पा के माता पिता द्वारा पुलिस या पंच प्रधान को साथ लेकर न आना भी  बड़ा प्रश्न चिन्ह लगाता है। इसकी भी जांच होनी चाहिए। विजय ने बताया कि इस बारे पुलिस को 26 अगस्त और एसपी हमीरपुर को 29 अगस्त को लिखित शिकायत दी जा चुकी है लेकिन अभी तक मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। विजय के अनुसार ऐसे तो कोई भी अपने हाथ कानून लेकर रात को मारपीट कर आतंक फैलाकर चले जाएंगे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर न्याय की गुहार लगाई है। 

इस बारे पुलिस चौकी  टौणी देवी के प्रभारी एसआई केवल सिंह ठाकुर ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर मेडिकल करवाया गया है। सोमवार को मेडिकल रिपोर्टें मिलने की उम्मीद है। इसके बाद एफआईआर दर्ज कर अगली कार्यवाही अमल में  लाई जायेगी। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here