
हमीरपुर, (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा । लाहौल स्पीति के क़ाज़ा में मंडी लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी के काफिले व जनसभा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किये गए प्रदर्शन व विघ्न डालने को निन्दनीय बताते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने इस घटना पर कड़ी आपत्ति दर्ज की है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर धूमल ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक राजनीतिक दल के व्यक्ति को अपना पक्ष रखने का अधिकार होता है लेकिन जो आज लाहौल स्पीति के क़ाज़ा में सुश्री कंगना रनौत के काफ़िले व जनसभा के दौरान हुआ है वह बहुत ही निंदनीय है और निराशाजनक है। उन्होंने कहा कि इस सारी घटना के लिए स्थानीय प्रशासन समेत प्रदेश सरकार पूर्णतः उत्तरदाई है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव आयोग को इस सारी घटना का संज्ञान लेकर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए और यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि आगे से इस तरह की किसी भी प्रकार की घटनायें किसी भी पार्टी या उम्मीदवार के द्वारा ना की जाए। पूर्व मुख्यमंत्री जोर देते हुए कहा कि लोकतंत्र में इस तरह की घटनाएं सदैव निंदनीय रही हैं और सदैव निंदनीय रहेंगी।












