Sunday, October 18, 2026
Home Himachal कन्फ्यूजन: ऊहल रोड और टौणी देवी तहसील रोड पर नेशनल हाईवे पर अंडर...

कन्फ्यूजन: ऊहल रोड और टौणी देवी तहसील रोड पर नेशनल हाईवे पर अंडर पास को लेकर संशय 

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा। नेशनल हाईवे नम्बर 3 पर ठाणा दरोगण में लगने वाला टोल प्लाजा  बेशक अब नहीं लगेगा लेकिन  नेशनल हाइवे पर ऊहल रोड और टौणी देवी तहसील रोड  के बीच बनने वाले पहले अंडर पास को लेकर भी अब संशय की स्थिति बनी हुई है।  तहसील रोड से होकर ही  ग्राम पंचायत बारी  कार्यालय, पशु अस्पताल  , सरकारी स्कूल और एक निजी स्कूल को रोड कॉनेक्टिविटी है। इसके अलावा करीब एक दर्जन मकानों को भी इसी लिंक रोड से  सड़क सुविधा मिली हुई है। लोग परेशान हैं की एनएच निर्माण के बाद उनके लिंक रोड की स्थिति क्या होगी। 

Advertisements

50 फीट गहरी खोदाई से मिलेंगे दोनों सिरे, अंडर पास बनाना जरूरी

आपको बता दें कि ब्लॉक कार्यालय की तरफ से आ रहे नेशनल हाईवे नम्बर 03 तथा बारी मंदिर की ओर से आ रहे एनएच के दिनों सिरे मिलाने को  अभी भी करीब 50  फीट गहरी खोदाई की जानी है। बिना अंडर पास के  तहसील रोड सुरक्षित नहीं रह सकता। डीपीआर और एलाइनमेंट में वाहनों की सुरक्षा के लिए अंडर पास का प्रावधान होने के बावजूद अब अंडर पास बनाने से गुरेज किया जा रहा है। बार बार डीपीआर और एलाइनमेंट बदलने के आरोप पहले भी निर्माण कंपनी पर लग रहे हैं। ऐसे में अंडर वे या अंडर पास को लेकर फिर से संशय की स्थिति पैदा की जा रही है।

डंगे और नालियां बनाने का काम जोरों पर

दरकोटी  से लेकर बारी मंदिर तक डंगे और नालियां बनाने का काम जोरों पर चला हुआ है। बीच में मशीनरी खराब होने से कार्य बाधित हुआ था लेकिन अब करीब दो किलोमीटर  के स्ट्रेच को 31 अक्टूबर तक पूर्ण करने की कोशिश की जा रही है। टौणी देवी बाजार और मंदिर के पास भी अभी लेवलिंग और नालियां बनाने का काम पेंडिंग है। 

जल्दी पूरा हो काम: व्यापार मंडल 

टौणी देवी व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमरदीप राणा ने कहा है  कि नेशनल हाईवे  निर्माण का कार्य टौणी देवी बाजार के बीच शीघ्र पूरा हो। उन्होंने कहा कि करीब अढ़ाई वर्षों से दुकानदार  तथा आम जनता परेशान है। निर्माण कार्य में और तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि आगे नवरात्रि और त्योहारी सीजन शुरू होने वाला है। व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य  युद्ध स्तर पर पूर्ण होना चाहिए। 

अंडर पास की कोई जरूरत नहीं: श्रीकांत 

इस बारे नेशनल हाइवे निर्माण कंपनी के सुपरवाइजर श्रीकांत ने कहा कि ऊहल रोड और टौणी देवी तहसील रोड  पर कोई अंडर पास बनाने की जरूरत नहीं। उन्होंने कहा कि  सुरक्षित यात्रा का पूरा ध्यान रखा जाएगा।  टौणी देवी मंदिर से ऊहल रोड तक शीघ्र डंगे लगा लेवलिंग का काम पूरा कर लिया जाएगा। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here