
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। धोबीघाट से आदमवाल रोड पर भंगी चो बांध के समीप पिछले कल दोपहर साढे 12 बजे एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने एक राहगीर युवक को घेर कर उससे पिस्तौल की नोक पर 41 हजार रुपये की लूट किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पीडि़त ने इस संबंधी थाना सदर पुलिस को सूचना दी और पुलिस ने सूचना मिलने पर मौके पर जाकर छानबीन शुरु कर दी है।


इस संबंधी जानकारी देते हुए मनी पुत्र नरेश कुमार निवासी गोविंद नगर ने बताया कि वह बजाज इंश्योरैंस का काम करता है तथा पिछले कल 21 दिसंबर को वह भंगी चो बांध की तरफ काम से गया था। इस दौरान वह रास्ते में बाइम रोककर कुछ कागजात देख रहा था कि इसी बीच एक पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक उसके पास आकर रुके। इस दौरान युवकों ने उससे जालंधर का रास्ता पूछा। अभी वह रास्ता बता ही रहा था कि एक युवक ने उस पर पिस्तौल तान दिया और दूसरा युवक उसकी जेबें चैक करने लगा। उसने बताया कि इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, युवक उसकी जेब से नकदी जोकि करीब 41 हजार रुपये थी लेकर फरार हो गए और इस दौरान उन्होंने पीछे आने पर गोली मारने की धमकी भी दी। मनी ने बताया कि इस उपरांत उसने तुरंत थाना सदर पुलिस को इसकी सूचना दी।

दूसरी तरफ पुलिस मामले में अलग-अलग पहलुओं पर जांच कर रही है। थाना सदर प्रभारी राजेश अरोड़ा ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है और पुलिस द्वारा जांच जारी है। जल्द ही इसे हल कर लिया जाएगा।












