Monday, October 19, 2026
Home National बड़सर, सुजानपुर और हमीरपुर विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव ने बढ़ाया नेताओं का तनाव

बड़सर, सुजानपुर और हमीरपुर विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव ने बढ़ाया नेताओं का तनाव

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-रजनीश शर्मा। जिन विधायकों को 15 माह  पूर्व  जनता ने चुनकर विधानसभा में भेजा था उनमें से हमीरपुर जिला के तीन विधायक भाजपा में शामिल हो फिर से जनता की अदालत में जाने को तैयार हैं। सुजानपुर और बड़सर से क्रमशः राजेंद्र राणा और इंद्र दत्त लखनपाल ने कांग्रेस टिकट पर चुनाव जीतकर  इस साल फरवरी माह में राज्य सभा चुनावों में भाजपा उम्मीदवार हर्ष महाजन के पक्ष में क्रॉस वोटिंग कर दी। हमीरपुर सदर के आजाद विधायक आशीष शर्मा ने भी भाजपा को समर्थन दे दिया।

Advertisements

शुक्रवार को आशीष शर्मा ने विधान सभा पहुंच इस्तीफा दे दिया और भाजपा में शामिल होने की घोषणा कर दी जबकि राजेंद्र राणा और इंद्र दत्त लखनपाल को विधानसभा अध्यक्ष पहले ही अयोग्य घोषित कर चुके हैं । ऐसे में मुख्य मंत्री  सुखविंदर सिंह सुक्खू के अपने गृह जिला हमीरपुर में तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की नौबत आ गई। उपचुनाव की  आहट के साथ ही नेताओं का तनाव भी बढ़ गया है।

धूमल के गढ़ में भाजपा को मिलेंगे कांग्रेस के भाजपा उम्मीदवार

पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के गढ़ में 2022  के विधान सभा चुनाव में भाजपा का सूपड़ा साफ करने में आशीष शर्मा, इंद्र दत्त लखनपाल और राजेंद्र राणा का प्रमुख हाथ रहा था। भोरंज से सुरेश और नादौन से स्वयं सीएम सुक्खू कांग्रेस टिकट से जीते थे। अब बदली परिस्थितियों में धूमल के गढ़ में  धूमल को हराने वाले राजेंद्र राणा और धूमल के हनुमान माने जाने वाले बलदेव शर्मा और पत्नी माया शर्मा को हराने वाले इंद्र दत्त लखनपाल भाजपा का भगवा चोला पहन भाजपा उम्मीदवार बन सामने आ रहे हैं।   आशीष शर्मा भी ठाकुर जगदेव के  पुत्र नरेंद्र  ठाकुर को हरा चुके हैं ।

राणा और लखनपाल से लोग नाराज , लगा सीएम बचाओ का नारा

बदले हालातों में अब लोग राजेंद्र राणा से खासे नाराज दिख रहे हैं । एक सर्वे में 90 प्रतिशत लोगों ने कहा कि राणा ने पहले सीएम के रूप में धूमल को हराया और अब सुक्खू को गंवा रहे है। हम ऐसा नहीं होने देंगे। कुछ लोगों ने तो यहां तक कह दिया कि बेशक धूमल और अनुराग  भाजपा में शामिल हो रहे राजेंद्र राणा को वोट डाल दें लेकिन वे हमीरपुर जिला के सीएम को नहीं गंवाएंगे , बेशक कांग्रेस कैंडिडेट को ही क्यों न वोट डालना पड़ जाए। ऐसे में राजेंद्र राणा की मुश्किलें आसान नजर नहीं आ रही है।

टिकट के दावेदारों में मची होड़

तीनों विधानसभा क्षेत्रों मे टिकट के दावेदारों की लंबी लाइन लग गई है। केसीसी बैंक के चेयरमैन कुलदीप सिंह  पठानिया का कांग्रेस टिकट के लिए हमीरपुर और सुजानपुर दोनों जगह से नाम चल रहा है। हमीरपुर से पुष्पेंद्र वर्मा , एडवोकेट रोहित शर्मा भी कांग्रेस टिकट की दौड़ में हैं । एडवोकेट रोहित को इस बार पुष्पेंद्र की तुलना में  तरजीह मिल सकती है क्योंकि उनके दोनों ही पार्टियों  में समर्थक बैठे हैं ।  सुजानपुर से पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष  नरेश ठाकुर , पूर्व विधायक ठाकुर कर्म सिंह के बेटे जितेंद्र या वीरेंद्र  सहित कई नाम सामने आ रहे हैं। इसके अतिरिक्त राजेंद्र राणा के खिलाफ  बीजेपी के ही अर्चना चौहान, कैप्टन रणजीत, रूबल ठाकुर  और विजय बहल भी अप्रत्याशित रूप से सामने आ सकते हैं।

बड़सर में भी घमासान 

बड़सर में विनोद ठाकुर, संजीव शर्मा और बलदेव शर्मा मिलकर अपने ही दल के उम्मीदवार बनने जा रहे इंद्र दत्त लखनपाल से कैसे निपटेंगे , यह आने वाले दिनों में सप्ष्ट होगा। फिलहाल उपचुनावों ने कार्यकर्ताओं के साथ ही नेताओं की टेंशन भी बढ़ा दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here