
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल रायजादा ने हमीरपुर जिला के बडसर, नाल्टी, वाडी फरनोल, खटवीं, बालोनी में चुनाव प्रचार किया। इससे पहले उन्होंने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री के साथ जनसभा में हिस्सा लिया जिसमें उपमुख्यमंत्री ने मतदाताओं से एकजुट होकर रायजादा के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान करने का आग्रह किया। इस मौका पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि चुनावी हवाओं का रूख कांग्रेस और सतपाल रायजादा की ओर चल पड़ा है। इसे अब कोई रोक नहीं सकता। उन्होंने कहा कि मोदी लहर के सहारे अनुराग नैया पार करवाने में लगे हुए थे लेकिन हमीरपुर में सतपाल रायजादा के पक्ष में उमड़ी भीड़ ने लहर पर कहर कर दिया जिससे भाजपा की हालत पतली हो गई है। मैं ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर हूं। अनुराग का दिल्ली का परमिट कट चुका है और यह परमिट सतपाल रायजादा को मिलेगा। जनता इस परमिट पर मोहर लगाएगी। अग्रिहोत्री ने कहा कि सतपाल रायजादा 24 घंटे सातों दिन जनता के लिए मुहैया रहते हैं लेकिन अनुराग गायब रहते हैं।

सतपाल रायजादा ने बड़सर में आयोजित जनसभा में भी हिस्सा लिया जिसमें हजारों लोग मौजूद रहे। इस मौका पर सतपाल रायजादा ने कहा कि हमीरपुर तो अनुराग ठाकुर का गृह जिला रहा है लेकिन अनुराग ने इस जिले को भी ठगने से कभी गुरेज नहीं किया। हर चुनावों में हमीरपुर तक रेल पहुंचाने को अपना ड्रीम प्रोजेक्ट बताते रहे लेकिन यह रेल लाइन एक इंच भी हमीरपुर की ओर नहीं बढ़ पाई। हर चुनावों में ही हमीरपुर की रेल लाइन की याद अनुराग को क्यों आती है यह जनता को उससे पूछना चाहिए। इस रेल लाइन के लिए महज 1000 रुपए केंद्र सरकार द्वारा दिए गए तो इस पर भी अनुराग ठाकुर मुंह नहीं खोल सके और अधिक रुपया केंद्र से नहीं मांग सके कि मेरे गृह जिला हमीरपुर के साथ तो नाइंसाफी मत करो। रायजादा ने कहा कि हिमाचल सहित पूरे संसदीय क्षेत्र से हजारों युवा सेना में भर्ती हैं और हजारों भर्ती होने का सपना संजोए हुए हैं लेकिन स्वयं लेफ्टीनेंट बन चुके अनुराग ने अग्रिवीर योजना का समर्थन करके युवाओं से दगाबाजी की है। युवाओं को भी वोट मांगने आने वाले अनुराग से इस बारे में सवाल करने चाहिए। रायजादा ने कहा कि अनुराग 4 बार सांसद रहे हैं लेकिन किसी भी गांव या जिले का कोई विकास नहीं करवा पाए हैं। जनता को इनसे सवाल करना चाहिए कि लगातार 4 बार वह फेल क्यों हुए हैं? रायजादा ने कहा कि जनता को ठगने वाले अनुराग ठाकुर को माफ नहीं किया जा सकता है। अपने चुनावी प्रचार के दौरान भी वह संसदीय क्षेत्र के लिए किया कोई कार्य नहीं गिनवा पा रहे हैं बल्कि अन्यों के कार्यों को अपना बताते फिर रहे हैं। हर चुनावी भाषण में अपने काम नहीं गिनवा पाते केवल मोदी की तारीफ करके वोट पाने की जुगत में अनुराग लगे हुए हैं। जब प्रदेश में आपदा आई तब भी अनुराग गायब ही रहे।












