
जम्मू (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट- अनिल भारद्वाज। जम्मू-कश्मीर में आतंकियों ने शिव खोड़ी से लौट रही बस को निशाना बनाया है। इस बस में 40 से 50 यात्री सवार थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, आतंकियों ने इस बस पर 40 से 50 राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली बस ड्राइवर के भी लगी। बस ड्राइवर को गोली लगने के बाद बस गहरी खाई में गिर गई। शिव खोड़ी से वापस लौट रही बस को आतंकियों ने अपना निशाना बनाया। बस शिवखोड़ी भोले बाबा के दर्शन करने के बाद वापस कटरा की तरफ लौट रही थी। हादसा पौनी और रनसू के बीच चंडी मोड पर स्थित दरगाह के निकट पेश आया है। मुस्लिम दरगाह को भी सेना ने घेर रखा है लोगों से पूछताछ जारी है।

डीसी रियासी ने दुर्घटना में नौ लोगों की मौत की पुष्टि की है। वहीं, 33 लोगों के घायल होने की खबर है। हालांकि, यात्री स्थानीय नहीं बताए जा रहे हैं। हालांकि, आतंकी गतिविधि के चलते शिव खोड़ी तीर्थ स्थल को सुरक्षित कर लिया गया है। घायलों को जीएमसी अस्पताल जम्मू में रेफर कर उपचार दिया जा रहा है। आतंकियों की धरपकड़ के लिए पुलिस व सेना ने क्षेत्र को घेर रखा है।











