Saturday, October 24, 2026
Home Chandigarh 12 सीढ़ियां चढ़ ख़ुद भाजपा में शामिल हो सकते हैं बाजवा: आप

12 सीढ़ियां चढ़ ख़ुद भाजपा में शामिल हो सकते हैं बाजवा: आप

चंडीगढ़, (द स्टैलर न्यूज़): आम आदमी पार्टी (आप) ने कांग्रेस नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा के बयान, जिसमें उन्होंने कहा कि ‘आप’ पंजाब के 45 विधायक भाजपा के संपर्क में है, पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

Advertisements

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पंजाब सरकार के वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा ने प्रताप बाजवा को बीजेपी का एजेंट करार दिया और कहा कि उनके बयान से साफ प्रतीत होता है कि बाजवा कांग्रेस में रहकर बीजेपी के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाजवा अपने घर की 12 सीढ़ियां चढ़कर खुद कभी भी भाजपा में शामिल हो सकते हैं। उनके घर पर पहले से ही भाजपा का झंडा मौजूद है। चीमा ने कहा कि बाजवा के बयान से ऐसा लगता है उनका शरीर कांग्रेस में है पर दिल भाजपा के लिए धड़कता है। वह कांग्रेस में बीजेपी के इंपैक्ट प्लेयर की तरह हैं।

चीमा ने कहा कि एक तरफ कांग्रेस की केन्द्रीय लीडरशिप कहती है कि भाजपा लोकतंत्र और संविधान के खिलाफ काम कर रही है। उसने सत्ता का दुरूपयोग कर पिछले 10 सालों में आधा दर्जन से ज्यादा चुनी हुई विपक्षी पार्टियों की सरकारों को गिराया। वहीं प्रताप बाजवा भाजपा के इन संविधान विरोधी कार्यों का पंजाब में समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम कांग्रेस की केंद्रीय लीडरशिप को बाजवा के इस बयान की सूचना देंगे और उन्हें प्रताप सिंह बाजवा जैसे नेताओं से सावधान रहने की गुजारिश करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को भाजपा से कम प्रताप बाजवा जैसे भाजपा के एजेंट से ज्यादा खतरा है जो कांग्रेस में रहकर पार्टी को डूबाने वाला काम करते हैं।

भाजपा को नसीहत देते हुए हरपाल चीमा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के सभी विधायक अरविंद केजरीवाल के सच्चे सिपाही हैं। उन्हें न तो बीजेपी का कोई डर है और न ही उन्हें भाजपा का ऑपरेशन लोटस तोड़ सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा को पता होना चाहिए कि हमारे विधायक पंजाब के लोगों और अपनी पार्टी के प्रति वफादार हैं। उन्हें कोई खरीद या तोड़ नहीं सकता।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here