
जम्मू/राजौरी (द स्टैलर न्यूज़), अनिल भारद्वाज। जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में एक महिला ने अपनी 8 दिन की नवजात बेटी को गांव के सूखे तालाब में सीधे धूप में छोड़ दिया जिससे बच्ची की गर्मी, भूख और प्यास से मौत हो गई। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला राजौरी के आधीन सुंदरबनी तहसील के कड़मा पराट गांव में लगभग सूखे तालाब में एक शिशु का शव पड़ा होने की सूचना मिली और तुरंत उसे बरामद करने के लिए एक टीम भेजी गई। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पीड़िता की मां शरीफा बेगम ने पिता मोहम्मद इकबाल पर अपराध का आरोप लगाया।

अधिकारियों ने बताया कि हालांकि यह पाया गया कि घटना के समय वह कश्मीर चला गया था। उन्होंने बताया कि इसके बाद जांचकर्ताओं का ध्यान मां पर गया, जिसे बाद में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। एक अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान वह टूट गई और उसने अपराध कबूल कर लिया। आरोपी शरीफा का इकबाल से झगड़ा हुआ था और उससे बदला लेने के लिए उसने बच्ची को सीधे धूप में सूखे तालाब में अकेला छोड़कर उसकी जान ले ली। और बाद में उसका दोष अपने पति इकबाल पर डाल दिया। उन्होंने बताया कि सुंदरबनी पुलिस थाने में शरीफा के खिलाफ हत्या और अन्य अपराधों का मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।











