
जालंधर (द स्टैलर न्यूज़)। जालंधर पुलिस ने चैकिंग दौरान एक गाड़ी से अमेरिकी डालर सहित भारतीय करंसी के करीब 3 करोड़ रुपये बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। सारा पैसा हवाला का बताया जा रहा है, क्योंकि पकड़ा गया आरोपी इस संबंधी कोई ठोस दस्तावेज पेश नहीं कर पाया तथा पुलिस द्वारा इस संबंधी गहनता से जांच की जा रही है। आरोपी की पहचान पुनीत सूद उर्फ गांधी के रुप में हुई है तथा बताया जा रहा है कि सारा पैसा नशा तस्करी से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने आरोपी से 2 करोड़ 93 लाख 5 हजार 800 रुपये की भारतीय करंसी और 3100 अमरीकी डालर बरामद किए हैं।

पुलिस कमिशनर स्वपन शर्मा ने पत्रकारों को बताया कि पुलिस द्वारा टी-प्वाइंट बशीरपुरा जालंधर के पास चैकिंग की जा रही थी तथा कुछ अपराधियों एवं नशा तस्करों संबंधी सूचना थी। चैकिंग दौरान पुलिस ने एक क्रेटा कार को चैकिंग के लिए रोका तो उसकी तलाशी लेने पर उसमें से उक्त कैश बरामद हुआ। पूछताछ में कार चालक पुनीत सूद उर्फ गांधी निवासी होशियारपुर इस संबंधी पुख्ता सबूत नहीं दिखा पाया। जिसके पर पुलिस ने पुनीत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कमिशनर ने बताया कि पुलिस द्वारा जांच की जा रही है कि आरोपी यह पैसा कहां से लाया और कहां पहुंचाना था।












