Thursday, October 22, 2026
Home Himachal एनएच 3: अब निर्माण कार्य के चलते समीरपुर की दुकानों में घुसा...

एनएच 3: अब निर्माण कार्य के चलते समीरपुर की दुकानों में घुसा पानी, बिजली के दो खंभे भी हो गए टेढ़े

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा। अटारी से लेह वाया हमीरपुर समीरपुर धर्मपुर कोटली मंडी एनएच 03 निर्माणाधीन सड़क ने अब समीरपुर  और संगरोह बाईपास पर तबाही मचाना शुरू कर दी है।  समीरपुर के संगरोह बाईपास की कटिंग ने लोगों के लिए  मुसीबत खड़ी कर दी है। यहीं नहीं लोगों ने एनएच निर्माण कंपनी पर लापरवाही के आरोप भी लगाए हैं। पिछले दो दिन से हुई  मूसलाधार बारिश से समीरपुर में दुकानों में पानी घुस गया। एक गोशाला गिर गई और इसके भीतर बंधी बकरी की मौत हो गई। दो बिजली के खंभे भी टेढ़े हो गए हैं और गिरने के कगार पर हैं। ग्राम पंचायत समीरपुर के संगरोह बाईपास की कटिंग से तीन मकान कभी भी गिर सकते हैं।  स्थानीय निवासी प्रीतम चंद पुत्र जय चंद, इंद्र सिंह पुत्र महंत राम, राजेंद्र कुमार पुत्र रोशन लाल के घर के समीप भूमि की कटिंग की गई है। विक्रम सिंह पुत्र रुआलू राम की पक्की गोशाला एनएच सड़क की कटिंग की वजह से आधी गिर गई। प्रभावितों का आरोप है कि कंपनी को बरसात से पहले कटिंग करके समय पर डंगे लगाने के लिए कई बार कहा लेकिन कंपनी ने बरसात से ठीक पहले यहां पर कटिंग का कार्य शुरू कर दिया। 

Advertisements

बिजली के खंभों को भी शिफ्ट नहीं किया गया। पहले बिजली के खंभों को शिफ्ट करना था, उसके बाद कटिंग करनी थी। एनएच निर्माण कंपनी की लापरवाही के कारण एक गोशाला क्षतिग्रस्त हो गई और बेजुबान बकरी की जान भी चली गई। प्रभावितों का कहना है कि उनके घर भूस्खलन की वजह से 20-25 फीट ऊपर ढांक पर लटक गए हैं। उनके लिए पहले सुरक्षा दीवार लगाई जाए। एनएच निर्माण कंपनी की लापरवाही से समीरपुर कस्बे में दुकानों के अंदर पानी घुस गया। दुकान के अंदर रखा सामान खराब हो गया। यहां पर कंपनी ने नाली की खुदाई कर दी है, लेकिन आगे पानी की निकासी नहीं है। इससे पानी दुकानों में घुस गया। समीरपुर पंचायत के प्रधान ठाकुर चंद्र मोहन ने कहा कि उन्होंने एनएच निर्माण कंपनी को इस बारे में कई बार बताया है। प्रशासन को भी अवगत करवा दिया है कि कंपनी को सही तरीके से काम करने के लिए कहा जाए। वहीं, एनएच के साइट इंजीनियर सुशील कुमार ने कहा कि लोगों की समस्या का जल्द समाधान कर दिया जाएगा। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here