
लुधियाना (द स्टैलर न्यूज़)। लुधियाना में आर्थिक परेशानी के चलते एक परिवार द्वारा देर रात ट्रेन के आगे आकर खुदकुशी करने का समाचार प्राप्त हुआ है। हादसे में पति, पत्नी और उनका 9 साल का लड़का शामिल था। इस हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों की पहचान सुखपाल सिंह उसकी पत्नी सुखदीप कौर और लड़का बलजीत सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि खुदकुशी का पता चलते ही उनके गांव के लोग भी मौके पर पहुंचे।

गांव के लोगों ने बताया कि सुखपाल लिफ्ट लगाने का काम करता था। उन्होने बताया कि सुखपाल ने कई लोगों से पैसे लेने थे, लेकिन उसको पैसे नहीं मिल रहे थे, जिस कारण उसका उन लोगों के साथ कई बार विवाद भी हुआ। गांव के लोगों का कहना है कि बीते काफी समय से वह अपनी आर्थिक तंगी के चलते परेशान चल रहा था, जिस कारण उसने परिवार सहित खुदकुशी कर ली। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।












