
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। उप जिला शिक्षा अधिकारी एलीमेंट्री सरदार सुखविंदर सिंह को उनकी उत्कृष्ट प्रशासनिक सेवाओं के लिए पंजाब सरकार द्वारा स्टेट अवार्ड से सम्मानित किया गया है। इस विशेष उपलब्धि पर सुखविंदर सिंह ने जिला शिक्षा अधिकारी हरजिंदर सिंह के साथ होशियारपुर की डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल से भेंट की। डिप्टी कमिश्नर ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके बहुमूल्य योगदान की सराहना की।डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल ने कहा कि सुखविंदर सिंह की मेहनत और समर्पण से होशियारपुर जिले का नाम पूरे पंजाब में गौरवान्वित हुआ है।

उन्होंने इस अवसर पर उन्हें निर्देश दिए कि आने वाले समय में जिले की शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए, ताकि होशियारपुर जिले को शिक्षा के क्षेत्र में पंजाब में अग्रणी स्थान प्राप्त हो सके।डिप्टी कमिश्नर ने कहा के सुखविंदर सिंह ने शिक्षा के क्षेत्र में जो कार्य किए हैं वे सराहनीय हैं। उनके प्रयासों से जिले के सरकारी स्कूलों की स्थिति में बड़ा बदलाव आया है। उनका यह सम्मान जिले के लिए गर्व की बात है, और इससे अन्य शिक्षकों को भी प्रेरणा मिलेगी। डिप्टी कमिश्नर ने आगे कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की नींव होती है और सुखविंदर सिंह ने अपने नेतृत्व में होशियारपुर के छात्रों को बेहतर भविष्य के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे भी शिक्षा के क्षेत्र में इसी प्रकार के नवाचार और सुधार होते रहेंगे। सुखविंदर सिंह ने अपनी इस सफलता का श्रेय जिले के शिक्षकों और शिक्षा विभाग की पूरी टीम को दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह आने वाले समय में शिक्षा के क्षेत्र में और भी नए आयाम स्थापित करेंगे, ताकि होशियारपुर का नाम शिक्षा के क्षेत्र में पूरे प्रदेश में और ऊंचा हो सके। मुलाकात में नीरज धीमान, रजनीश कुमार गुलियानी भी मौजूद थे।












