Saturday, October 24, 2026
Home Himachal 77 अन्य बच्चों को भी मिलेगा फोस्टर केयर योजना का लाभ: अमरजीत

77 अन्य बच्चों को भी मिलेगा फोस्टर केयर योजना का लाभ: अमरजीत

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा। उपायुक्त हमीरपुर की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय समिति की बैठक में  जानकारी दी गई है कि जिला के 1254 बच्चों को पहले ही फोस्टर केयर योजना  में शामिल किया जा चुका है। जिला हमीरपुर में बेसहारा या विपरीत परिस्थितियांे में रह रहे 18 वर्ष तक की आयु के 77 अन्य बच्चों को भी फोस्टर केयर योजना के तहत लाभान्वित किया जाएगा। उपायुक्त अमरजीत सिंह की अध्यक्षता में वीरवार को हुई जिला स्तरीय समिति की बैठक में इन 77 नए मामलों को मंजूरी प्रदान कर दी गई। इस अवसर पर उपायुक्त ने बताया कि जिला हमीरपुर में 1254 बच्चों को पहले ही  फोस्टर केयर योजना के तहत लाभान्वित किया जा रहा है। अब 77 अन्य बच्चों को भी इनमें शामिल किया जा रहा है। इससे इन बच्चों को भी 18 वर्ष की आयु तक हर माह 4-4 हजार रुपये मिलेंगे। उन्होंने बताया कि इस योजना में अनाथ बच्चों के अलावा ऐसे बच्चों को भी शामिल किया जा सकता है, जिनके माता-पिता जानलेवा रोगों के शिकार हैं या शारीरिक एवं वित्तीय परिस्थितियों के कारण बच्चों का पालन-पोषण करने में असमर्थ हैं।

Advertisements

विधवा या एकल नारियों के बच्चों को भी फोस्टर केयर योजना में शामिल किया जा सकता है। उपायुक्त ने कहा कि अपने नजदीकी रिश्तेदारों या अन्य परिजनों के साथ रह रहे इन बच्चों का सही पालन-पोषण सुनिश्चित करने तथा किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम-2015 के विभिन्न प्रावधानों के अनुसार ऐसे बच्चों की समुचित देखभाल, पुनर्वास, संरक्षण, उपचार एवं विकास सुनिश्चित करने के लिए फोस्टर केयर योजना आरंभ की गई है। इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए, ताकि विपरीत परिस्थितियों के शिकार सभी बच्चों तक इसका लाभ पहुंच सके। बैठक में जिला बाल संरक्षण अधिकारी तिलकराज आचार्य ने इस योजना तथा 77 नए लाभार्थियों के संबंध में विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। इस अवसर पर जिला बाल कल्याण समिति के कार्यकारी अध्यक्ष नीरज शर्मा, चाइल्डलाइन संस्था की पदाधिकारी मनोरमा देवी और समिति के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।  

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here