
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। जिला शिक्षा अधिकारी सेकेंडरी मैडम ललिता अरोड़ा ने श्री गुरु हरिकृष्ण सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल पंडोरी खजूर का निरीक्षण कर वहां के स्टाफ सदस्यों को कंपीटेंसी एनहांसमेंट प्रोग्राम के बारे में जानकारी दी। उन्होंने 4 दिसंबर को होने वाले परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण की तैयारी का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि विभाग पूरी तरह से अध्यापकों को परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण के बारे में नवीनतम जानकारी उपलब्ध करवा रहा है। बच्चों को तैयारी करबाने के लिए बाकायदा तौर पर शीट्स भेजी जा रही है। अध्यापकों को बच्चों को बार-बार इन शीट्स को करवाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसके अलावा विभाग द्वारा तैनात किए गए जिला प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर तथा ब्लॉक प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर समय-समय पर अलग-अलग स्कूलों में जाकर अध्यापकों की इस संबंध में सभी शंकाओं का निवारण कर रहे है।

उन्होंने कहा कि सरकारी तथा प्राइवेट स्कूल दोनों को मिलकर इस सर्वेक्षण में पंजाब को पहले स्थान पर लाने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। इस बात का भी प्रयास किया जाए कि स्कूलों में बच्चों की संख्या शत प्रतिशत हो। क्योंकि अगर बच्चा स्कूल आएगा तभी वह विभाग द्वारा भेजी गई शीट्स को कर सकेगा। उन्होंने कहा कि अगर अध्यापक यह अनुभव करता है कि बच्चों को स्कूल समय के अलावा भी मेहनत करवाए जाने की जरूरत है तो वह इसके लिए एक्स्ट्रा क्लास भी लगा सकता है lजिला शिक्षा अधिकारी ने इस मौके पर स्कूल का सी. ई. पी. से संबंधित रिकार्ड भी चेक किया। उन्होंने स्कूल प्रमुख से कहा कि वह समय-समय पर अपने स्टाफ की इस संबंध में मीटिंग करते रहे। इस मौके पर सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल सरहाला मुंडिया के प्रिंसिपल अमनदीप शर्मा भी विशेष तौर पर उपस्थित थे।












