
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। राज्य चुनाव आयोग, पंजाब की ओर से नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत के आम चुनावों के लिए मतदाता सूचियों के सुधार संबंधी प्रोग्राम जारी किया गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर(ग्रामीण विकास)-कम- अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी होशियारपुर निकास कुमार ने बताया कि योग्यता तिथि 1 नवंबर 2024 के आधार पर मतदाता सूचियों का सुधार किया जाना है। उन्होंने बताया कि मतदाता सूचियों का प्रारंभिक प्रकाशन 14 नवंबर को किया गया है और 18 से 25 नवंबर 2024 तक दावे व आपत्तियां प्राप्त किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निपटारा 3 दिसंबर 2024 तक किया जाएगा तथा मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 7 दिसंबर 2024 को होगा।

अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आम जनता की सुविधा के लिए दावे व आपत्तियां( (अर्थात फार्म नंबर 7, 8 और 9) प्राप्त करने के लिए संबंधित नगर निगम, नगर परिषद व नगर पंचायत में 20 व 21 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। गौरतलब है कि जिले में नगर निगम होशियारपुर के वार्ड नंबर 6, 7 व 27, नगर पंचायत माहिलपुर के वार्ड नंबर 1 से 13, नगर पंचायत तलवाड़ा के वार्ड नंबर 1 से 13, नगर परिषद हरियाना के वार्ड नंबर 11 व नगर परिषद उड़मुड़ टांडा के वार्ड नंबर 8 में चुनाव होना है।












