Tuesday, October 27, 2026
Home Chandigarh उपचुनाव की तरह नगर निकाय चुनावों में भी आप पार्टी भारी अंतर...

उपचुनाव की तरह नगर निकाय चुनावों में भी आप पार्टी भारी अंतर से जीतेगी: अमन अरोड़ा 

चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। आगामी नगर निकाय चुनावों के लिए आम आदमी पार्टी (आप) पूरी तरह तैयार है। पार्टी के पंजाब अध्यक्ष अमन अरोड़ा चुनाव से संबंधित क्षेत्र के नेताओं के साथ बैठकें की और सभी नगर निगमों व कमेटियों को लेकर विस्तृत चर्चा की। आने वाले दिनों में पंजाब के 5 नगर निगमों और 42 नगर परिषदों के लिए चुनाव होने हैं। बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए अमन अरोड़ा ने दावा किया कि उपचुनाव की तरह ही नगर निकाय चुनावों में भी आम आदमी पार्टी भारी अंतर से जीतेगी। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में शहरी क्षेत्रों में भी आम आदमी पार्टी का वोट सबसे ज्यादा रहा है। हमें पूरा भरोसा है कि इन चुनावों में भी हमें बड़ी बढ़त हासिल होगी। उन्होंने कहा कि उपचुनावों में जीत से पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा है। नगर निकाय चुनाव पर भी इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

Advertisements

अरोड़ा ने कहा कि आम आदमी पार्टी की राज्य सरकार पंजाब के शहरों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। नगर निकाय चुनाव शहरों के विकास और विकास संबंधी योजनाएं बनाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव की आशा जताई और कहा कि चुनाव के बाद शहरों के विकास कार्यों में तेजी आएगी। हम स्थानीय शासन में भी पारदर्शी और ईमानदार शासन का मार्ग प्रशस्त करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी हर शहर के अलग योजना तैयार कर रही है। कुछ मुद्दे सभी जगह समान होते हैं, लेकिन हर इलाके की अलग समस्याएं होती है, इन चीजों पर भी विचार किया जा रहा है। अरोड़ा ने घोषणा की कि 1 दिसंबर से आम आदमी पार्टी सभी नगर निगमों और कौंसिलों के पार्षद उम्मीदवारों के लिए आवेदन स्वीकार करना शुरू करेगी। चयन प्रक्रिया में योग्यता, पार्टी के प्रति निष्ठा, इलाके का समाजिक समीकरण और जीत की क्षमता को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने अपील की कि पार्टी के जो भी साथी चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं वे अपने स्थानीय पार्टी पदाधिकारी या विधायकों से संपर्क कर आवेदन दे सकते हैं। सभी के आवेदन पर गहनता पूर्वक विचार किया जाएगा।

पांचों नगर निगम के लिए ऑब्जर्वर नियुक्त किए

मीटिंग के दौरान प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने पांचों नगर निगम अमृतसर पटियाला जालंधर लुधियाना और फगवाड़ा के लिए आप मंत्रियों को ऑब्जर्वर नियुक्त किया। कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल को अमृतसर, मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ को जालंधर, वरिंदर गोयल को पटियाला और मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंध को लुधियाना नगर निगम के लिए ऑब्जर्वर नियुक्त किया। वहीं होशियारपुर से आप सांसद डॉ राजकुमार चब्बेवाल को फगवाड़ा नगर निगम का ऑब्जर्वर बनाया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here