
कर्नाटक (द स्टैलर न्यूज़)। कर्नाटक के हासन जिले में अपनी पहली तैनाती को लेकर कार्यभार संभालने जा रहे आईपीएस के एक अधिकारी का सड़क हादसे में निधन हो गया। पुलिस ने बताया कि कर्नाटक कैडर के 2023 बैच के आईपीएस अधिकारी हर्षवर्धन मध्यप्रदेश के रहने वाले थे। उन्होंने बताया कि हासन तालुक के किट्टाने के निकट पुलिस वाहन का टायर फट गया, जिसके बाद चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन सड़क किनारे एक घर और पेड़ से टकरा गया।

पुलिस के अनुसार, वर्धन होलेनरसीपुर में परिवीक्षाधीन सहायक पुलिस अधीक्षक के रूप में ड्यूटी पर रिपोर्ट करने के लिए हासन जा रहे थे। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वर्धन के सिर में गंभीर चोट आई और इलाज के दौरान अस्पताल में उनकी मौत हो गई, जबकि चालक मंजेगौड़ा को मामूली चोटें आईं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।












