
राजौरी (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-अनिल भारद्वाज। राजौरी जिले के सुंदरबनी के भजवाल क्षेत्र में रविवार को 21 वर्षीय युवती रहस्यमय परिस्थितियों में गोली लगने से घायल हो गई। घायल युवती की पहचान शिवानी देवी पुत्री गिरधारी लाल निवासी अपर भजवाल, सुंदरबनी के रूप में हुई है। जानकारी मुताबिक घर में ही लाइसेंसी 12 बोर की बंदूक से इस रहस्यमय हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने तुरंत उसे अस्पताल सुंदरबनी पहुंचाया।

ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी सुंदरबनी, डा. मीना कुमारी ने बताया कि युवती को पेट में गोली लगने की स्थिति में उसे उपजिला अस्पताल सुंदरबनी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे उन्नत इलाज के लिए जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। इस सबंधी पुलिस ने घटना को लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गोली लगने के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।











