Friday, October 9, 2026
Home Latest खाई में गिरी HRTC बस, एक युवक की मौत, 15 से ज्यादा...

खाई में गिरी HRTC बस, एक युवक की मौत, 15 से ज्यादा घायल

हिमाचल प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)।  हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। रामपुर के पास सनेई से रामपुर आ रही एचआरटीसी की बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 15 से ज्यादा यात्रियों के घायल होने की सूचना है। जानकारी के मुताबिक, हादसा रामपुर से करीब 15 किलोमीटर दूर राय के पास एक मोड़ पर हुआ। बस में चालक और परिचालक समेत 20 से अधिक लोग सवार बताए जा रहे थे।

Advertisements

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। घायलों को निजी वाहनों के जरिए रामपुर के खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया। अब तक 17 घायलों को अस्पताल ले जाए जाने की जानकारी सामने आई है। इनमें दो यात्रियों के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।

डंसा पंचायत की प्रधान पदमा कुमारी के मुताबिक, हादसे में घायल गांव कराली निवासी वंश पुत्र सुरंजन ने अस्पताल पहुंचते ही दम तोड़ दिया। उन्होंने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। बताया जा रहा है कि सड़क से नीचे गिरने के बाद बस गोशाला के पीछे जाकर रुक गई, जिससे बस के और नीचे जाने का खतरा टल गया। वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। फिलहाल, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। घायलों का खनेरी अस्पताल में उपचार जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here