Friday, October 9, 2026
Home Latest सुकमा में विस्फोटक नष्ट करते समय ब्लास्ट, CRPF के 4 जवान घायल

सुकमा में विस्फोटक नष्ट करते समय ब्लास्ट, CRPF के 4 जवान घायल

छत्तीसगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां विस्फोटकों को नष्ट करने के दौरान अचानक हुए ब्लास्ट में CRPF के 4 जवान घायल हो गए। इनमें 2 जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि 2 जवानों को मामूली चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार 8 अक्टूबर को CRPF की एम्युनिशन टेक्नीशियन टीम जगदलपुर से सुकमा के कोन्टा रेंज स्थित एलार्मडगु कैंप पहुंची थी। टीम विभिन्न कैंपों में रखे अनुपयोगी और बचे हुए विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से नष्ट करने की प्रक्रिया में जुटी थी।

Advertisements

इसी दौरान भेज्जी थाना क्षेत्र में एलार्मडगु कैंप से करीब 200 मीटर दूर बोदराजपदर नाले के पास विस्फोटकों को नष्ट करते समय अचानक धमाका हो गया। बताया जा रहा है कि एक विस्फोटक का हिस्सा उड़कर पास में आ गिरा, जिससे ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में ATT टीम के ASI एम.के. तिवारी और CRPF की 50वीं वाहिनी के ASI अनीश खान गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, निरीक्षक अमरनाथ मिश्रा और प्रधान आरक्षक कुलदीप राज को सामान्य चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद सभी घायल जवानों को प्राथमिक उपचार देकर कोन्टा के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल जवानों को जरूरत पड़ने पर उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर करने की तैयारी भी की जा रही है।

वहीं, इस घटना पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर घायल जवानों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और उनके उचित इलाज की व्यवस्था किए जाने की बात कही। फिलहाल, घटना के बाद स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और सभी घायल जवानों का उपचार जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here