Friday, October 23, 2026
Home Himachal ग्राम सभा में वार्षिक योजना पारित, किसानों ने ज्वलंत समस्याओं पर जताई...

ग्राम सभा में वार्षिक योजना पारित, किसानों ने ज्वलंत समस्याओं पर जताई चिंता

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा। लंबलू पंचायत की ग्राम सभा प्रधान करतार सिंह चौहान की अध्यक्षता में सफलता पूर्वक संपन्न हुई। बैठक में वार्षिक योजना पारित की गई और विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। ग्राम सभा में किसानों ने ग्राम घुराड़ में गोशाला निर्माण के लिए पंचायत और प्रशासन की प्रशंसा की। बेसहारा गोवंश के लिए यह गोशाला सुरक्षा का माध्यम बनी है, जिससे किसान परिवारों को राहत मिली है। किसानों ने इसे एक महान कार्य बताया, जिसके लिए प्रधान और पंचायत को हमेशा याद किया जाएगा। सभा में किसानों ने फसलों को जंगली सूअरों से हो रही असहनीय क्षति पर गंभीर चिंता व्यक्त की। सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि सरकार सूअरों को हिंसक जीव घोषित कर मारने की अनुमति प्रदान करे।

Advertisements

साथ ही, पूर्ववर्ती लाइसेंसधारी शिकारियों को 6 महीने के लिए शिकार की छूट देने की मांग की गई। ताकि बढ़ते वन्य प्राणियों के आतंक से राहत मिल सके। सभा में यह भी चिंता व्यक्त की गई कि वन्य प्राणियों के आतंक और फसल हानि के कारण किसान खेती छोड़ रहे हैं। इसके परिणामस्वरूप उपजाऊ भूमि झाड़ियों और अवांछित पौधों से घिर गई है, जो अब हिंसक जानवरों के लिए सुरक्षित आश्रय बन चुकी है। इस स्थिति ने ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों, के लिए खतरा बढ़ा दिया है। ग्राम सभा ने सरकार से अपील की कि वन्य प्राणियों की समस्या का समाधान शीघ्र किया जाए। कानून में सुधार कर किसानों और ग्रामीणों को सुरक्षा प्रदान की जाए ताकि वे पुनः कृषि की ओर लौट सकें और देश के विकास में योगदान दे सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here