Saturday, October 24, 2026
Home Himachal पानी की सप्लाई में हुए घोटाले पर राजेंद्र राणा का हमला

पानी की सप्लाई में हुए घोटाले पर राजेंद्र राणा का हमला

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला में पानी की सप्लाई को लेकर सामने आए घोटाले पर सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने चुटकी लेते हुए पूछा है कि कहीं यह काम सुक्खू सरकार के मित्रों का तो नहीं है और कहीं उन्हें ही तो सप्लाई के ठेके नहीं दिए गए थे। आज यहां जारी एक बयान में राजेंद्र राणा ने कहा कि समाचार पत्रों में अन्य वाहनों सहित उन स्कूटरों, मोटरसाइकिल और हीरो होंडा कारों के बाकायदा नंबर प्रकाशित हुए हैं जिन पर पानी की सप्लाई दर्शाई गई है, और यह सरकार की नाक तले बहुत बड़ी धांधली तथा घोटाला है। राजेंद्र राणा ने इस पर कटाक्ष करते हुए इसे प्रदेश सरकार की अक्षमता और भ्रष्टाचार का जीता-जागता उदाहरण बताया है। उन्होंने कहा, “यह बेहद शर्मनाक है कि सरकारी दस्तावेज़ों में सैकड़ों गैलन पानी को मोटरसाइकिल, स्कूटरों व कारों पर सप्लाई दिखाया गया है। यह ना केवल आम जनता के साथ धोखा है, बल्कि सरकार की लापरवाही और भ्रष्टाचार का घिनौना चेहरा भी उजागर करता है।”राजेंद्र राणा ने आरोप लगाया कि इस घोटाले ने राज्य में बुनियादी सुविधाओं के प्रबंधन की पोल खोल दी है।

Advertisements

उन्होंने कहा कि पानी जैसी प्राथमिक आवश्यकता की पूर्ति में भी घोटाले किए जा रहे हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व विधायक ने आगे कहा, “प्रदेश सरकार जनता को मूलभूत सुविधाएं देने में पूरी तरह विफल रही है। इस प्रकार के घोटाले प्रदेश में विकास के दावों को खोखला साबित करते हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रदेश की जनता के साथ इस प्रकार का खिलवाड़ हो रहा है।” राजेंद्र राणा ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिलनी चाहिए और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए कड़े कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार इस मामले पर जल्द कार्रवाई नहीं करती है, तो जनता इसे सहन नहीं करेगी और सड़कों पर उतरने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here