Tuesday, October 27, 2026
Home Latest चेयरमैन रमन बहल की कोशिशों स्वरूप गुरदासपुर शहरवासियों को बड़ी राहत एवं...

चेयरमैन रमन बहल की कोशिशों स्वरूप गुरदासपुर शहरवासियों को बड़ी राहत एवं मिली सुविधा

गुरदासपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब हेल्थ सिस्टम्स कॉरपोरेशन के चेयरमैन रमन बहल की कोशिशों के कारण गुरदासपुर शहरवासियों को बड़ी राहत एवं सुविधा मिली है। बहल द्वारा की गई पैरवी के तहत पंजाब सरकार ने गुरदासपुर शहर से गुजरने वाली नबीपुर कट ड्रेन को पक्का करने के लिए 5.70 करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट मंजूर किया है। दशकों से लटके इस प्रोजेक्ट का काम अगले महीने 10 फरवरी को शुरू होगा और 31 मार्च 2025 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस संबंधी जानकारी देते हुए चेयरमैन रमन बहल ने बताया कि नबीपुर कट ड्रेन 1960 में बनी थी जो पठानकोट बाईपास से शुरू होकर नए बस स्टैंड, काहनूवान रोड की अबरोल अस्पताल के पास बटाला रोड को पार करती हुई गुरदासपुर शहर से गुजरते हुए आगे जाकर किरण नाले में मिल जाती है। उन्होंने बताया कि इस ड्रेन का 3.50 किलोमीटर हिस्सा गुरदासपुर शहर में पड़ता है। बहल ने कहा कि ड्रेन बनने के दशकों बाद भी किसी भी नेता ने इस ड्रेन की तरफ ध्यान नहीं दिया, जिसके कारण इस ड्रेन में घास-फूस होने के कारण बारिश के मौसम में अक्सर इसका पानी ओवरफ्लो होकर लोगों के घरों में घुसकर नुकसान करता है। इसके अलावा यह ड्रेन कच्ची होने के कारण इसका गंदा पानी जमीन में चला जाता है, जिसके कारण इस ड्रेन के आस-पास बसी कॉलोनियों का भूजल भी दूषित हो रहा है।

Advertisements

चेयरमैन रमन बहल ने कहा कि नबीपुर कट ड्रेन के दोनों पक्षों पर गुरदासपुर शहर की बड़ी आबादी निवास करती है लेकिन छोटे-छोटे मसलों पर राजनीति करने वाले विपक्षी पार्टियों के नेताओं को लोगों का यह बड़ा मसला कभी दिखाई नहीं दिया। बहल ने कहा कि लोक सभा चुनावों के दौरान जब मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान गुरदासपुर शहर आए थे तब उन्होंने नबीपुर कट ड्रेन का मसला उनके ध्यान में लाकर इसके स्थायी समाधान की मांग की थी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनकी मांग को मानते हुए गुरदासपुर शहर से गुजरने वाली नबीपुर कट ड्रेन को पक्का करने के लिए 5.70 करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट मंजूर कर दिया है। चेयरमैन रमन बहल ने आगे बताया कि 5.70 करोड़ रुपए की लागत से नबीपुर कट ड्रेन को गुरदासपुर शहर के हिस्से को पक्का किया जाएगा और ड्रेन के दोनों पक्षों पर तीन-तीन फुट रास्ता भी बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही ड्रेन के किनारों पर 20-20 फुट की दूरी पर पिल्लर बनाए जाएंगे ताकि इसकी मजबूती को बढ़ाया जा सके। उन्होंने कहा कि ड्रेन के दोनों किनारों पर तीन-तीन फुट ऊंची लोहे की बाधाएं/रोके भी लगाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह ड्रेन पक्का होने से जहां इसके ओवरफ्लो होने पर रोक लगेगी वहीं इसका गंदा पानी भी जमीन में नहीं जिरेगा। उन्होंने कहा कि ड्रेन पक्का होने से इसकी खूबसूरती में भी बढ़ोतरी होगी।

चेयरमैन रमन बहल ने कहा कि इस प्रोजेक्ट का टेंडर लग चुका है और जल्दी ही इसका काम आवंटित हो जाएगा। उन्होंने कहा कि 10 फरवरी के नजदीक इस प्रोजेक्ट की शुरुआत कर दी जाएगी और 31 मार्च 2025 तक इस प्रोजेक्ट को पूरा कर लिया जाएगा। चेयरमैन रमन बहल ने कहा कि उनकी राजनीति हमेशा विकास की और लोक मुद्दों को हल करने की रही है। उन्होंने कहा कि इसके मुकाबले विपक्षी पार्टियों के नेता संकीर्ण सोच के साथ सिर्फ घटिया राजनीति करके लोगों को आपस में लड़ाने और गुमराह करने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि धमकी देने वाले विपक्षी पार्टियों के नेताओं को नबीपुर ड्रेन के कारण शहरवासियों को पेश आ रही दशकों पुरानी समस्या कभी दिखाई नहीं दी और न ही उन्होंने कभी इसके हल के लिए कोई प्रयास किया। उन्होंने कहा कि गुरदासपुर के लोग विकास के पक्षधर रहे हैं और वे विरोधियों की नफरत और फूट डालो की राजनीति को बुरी तरह नकार देंगे। गुरदासपुर शहरवासियों की दशकों पुरानी समस्या का हल करने के लिए चेयरमैन रमन बहल ने मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान का दिल से धन्यवाद भी किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here