
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। मुंबई पुलिस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के विमान को उड़ाने की आतंकी धमकी की चेतावनी को लेकर फोन कॉल करने वाले व्यक्ति को मुंबई के चेंबूर इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। मुंबई पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विमान को उनकी आधिकारिक विदेश यात्रा से पहले धमकी भरी कॉल मिलने के बाद मुंबई के चेंबूर इलाके से मंगलवार को एक व्यक्ति को पकड़ा गया। मुंबई पुलिस ने कहा, “11 फरवरी को मुंबई पुलिस नियंत्रण कक्ष में एक कॉल आया जिसमें कहा गया था कि आतंकवादी प्रधानमंत्री मोदी के विमान पर हमला कर सकते हैं, क्योंकि वे आधिकारिक विदेश यात्रा पर जा रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अन्य एजेंसियों को सूचित किया और जांच शुरू की।”

पुलिस ने बताया कि, “मुंबई पुलिस नियंत्रण कक्ष को धमकी भरा कॉल करने वाले व्यक्ति को चेंबूर इलाके से हिरासत में ले लिया गया है। वह मानसिक रूप से बीमार है।” फिलहाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस में हैं और आज दो दिवसीय अमेरिकी दौर के लिए रवाना होंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दक्षिणी फ्रांस के मार्सिले पहुंचे और स्वतंत्रता सेनानी वी डी सावरकर को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने इसी बंदरगाह शहर में ‘‘भाग निकलने का साहसिक प्रयास’’ किया था।












