
जालंधर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब सरकार राज्य में नशे को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और कोई कसर नहीं छोड़ेगी। यह विचार पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी एवं रक्षा सेवा कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने सैनिक भलाई दफ्तर में क्षेत्रीय दफ्तर के उद्घाटन समय मीडिया से बातचीत करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार ने राज्य में नशे को जड़ से खत्म करने के लिए ‘ युद्ध नशे के विरुद्ध ‘ अभियान शुरू किया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत राज्य के सभी डिप्टी कमिश्नरो, पुलिस कमिश्नरो और एस.एस.पी. को सख्त निर्देश दिए गए है कि वे पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने में कोई कसर न छोड़ें। श्री भगत ने आगे कहा कि राज्य सरकार जहां नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है, वहीं नशा तस्करों द्वारा बनाई गयी संपत्ति भी जब्त की जा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा चलाए गए ‘ युद्ध नशे के विरुद्ध ‘ अभियान के सार्थक परिणाम सामने आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में राज्य भर में ‘कासो’ अभियान के तहत चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान बड़ी मात्रा में ड्रग्स जब्त किए गए और कई ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। श्री भगत ने राज्य के लोगों से पंजाब सरकार द्वारा शुरू किये गये ‘ युद्ध नशे के विरुद्ध ‘ अभियान को जन आंदोलन बनाने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य को नशा मुक्त और रंगला पंजाब बनाने के लिए राज्य सरकार के अथक प्रयासों में सहयोग दिया जाए। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि नशीले पदार्थों की तस्करी से संबंधित कोई भी संदिग्ध गतिविधि उनके संज्ञान में आती है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन को दी जाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि नशीले पदार्थों की तस्करी के संबंध में सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।












