
रूपनगर (द स्टैलर न्यूज़), ध्रुव नारंग। बंधन बैंक रूपनगर शाखा के दो वर्ष संपूर्ण होने के शुभ अवसर पर बैंक की ओर से श्री सुखमणि साहब जी का पाठ करवाया गया तथा रक्तदान शिविर के साथ-साथ नेत्रदान जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जानकारी देते हुए बंधन बैंक शाखा के मुखी विक्रमजीत सिंह ने बताया की सबसे पहले सुबह श्री सुखमणि साहिब का पाठ रखा गया। इसके पश्चात रूपनगर सिविल अस्पताल की टीम द्वारा रक्तदान शिविर आरंभ हुआ। इस कैंप में 41 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इस मौके पर उपस्थित नैना जीवन ज्योति क्लब की ओर से नेत्रदान के संबंध में जागरूकता फैलाई गई जिससे प्रेरित होकर 10 लोगों ने फॉर्म भरकर नेत्रदान करने का प्रण लिया।

इस कार्यक्रम में हलका विधायक एडवोकेट दिनेश चड्ढा ने मुख्य मेहमान के रूप में शिरकत की तथा सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह ने विशेष मेहमान के रूप में हिस्सा लिया। बंधन बैंक ब्रांच मुखी विक्रमजीत सिंह के साथ सचिन जैन, अमित कुमार, विकास कुमार, रोहित सैनी, रितिका सैनी, ख्याति जैन, जनरल सिंह, हरिंदर कुमार, तथा ममता खुल्लर ने पहुंचे हुए सभी ग्राहकों तथा मेहमानों का तहे दिल से धन्यवाद किया। इस मौके पर मेहमानों तथा रक्तदानियों को पौधे देकर वातावरण को बचाने का एक प्रयास किया गया।












