
छत्तीसगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। छत्तीसगढ़ के जिले बीजापुर में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में दो नक्सली ढेर हो गए। इस घटना में एक जवान भी शहीद हो गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बीजापुर और दंतेवाड़ा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने दो नक्सलियों को मार गिराया।

उन्होंने बताया कि गंगालूर थाने से नक्सल विरोधी अभियान पर सुरक्षाबलों के संयुक्त दल को रवाना किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि सुबह 7 बजे से नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच लगातार गोलीबारी जारी है। उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद के साथ दो नक्सलियों का शव बरामद किया है। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में मुठभेड़ और तलाशी अभियान जारी है।












