
महाराष्ट्र (द स्टैलर न्यूज़)। पुणे के हिंजेवड़ी से एक हैरानीजनक मामला सामने आया है। जहाँ एक गुस्साएं ड्राइवर ने दिवाली पर बोनस न मिलने तथाल सैलरी काटने के कारण गाड़ी को आग लगा दी। इस हादसे में 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक आरोपी टेंपो ड्राइवर का नाम जनार्दन हंबार्डिकर है, जो पुणे के कोथरूड का निवासी है। डीसीपी विशाल गायकवाड़ ने बताया कि आरोपी ड्राइवर हिंजेवड़ी में स्थित एक ग्राफिक्स कंपनी में ड्राइवर है और उसने बुधवार सुबह टेंपो में आग लगाई थी। इस हादसे में कंपनी के चार कर्मचारियों की मौत हो गई है।

इसके अलावा 6 मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। वहीं, कुछ लोगों ने किसी तरह वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। पुलिस पहले इस शॉट सर्किट के चलते आग लगने की घटना मान रही थी, लेकिन जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी जनार्दन हंबार्डिकर ने रंजिशन इस वारदात को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी ड्राइवर जनार्दन का कंपनी के स्टाफ से विवाद हो गया था। इसके बाद उसे दीवाली पर बोनस नहीं दिया गया और उसकी सैलरी भी काट ली गई थी, इससे वह बेहद नाराज था। पुलिस ने आरोपी पर मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है।












