
मोहाली (द स्टैलर न्यूज़)। मोहाली तहसील में काम करने वाले स्टांप वेंडर नवचेतन सिंह राणा की गोली लगने से मौत हो गई। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उन्होंनें आत्महत्या की है या कोई हादसा था। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई करेगी। परिजनों के मुताबिक स्टांप वेंडर नवचेतन सिंह राणा रोजाना की तरह सुबह करीब 9 बजे नाश्ता करके दुकान पर आए थे और करीब दो घंटे बाद उन्हें सूचना मिली कि उन्हें गोली लग गई है।

पुलिस मौके पर पहुंच गई है लेकिन अभी तक कारण का पता नहीं चल पाया है। फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई है। मौके पर सूचना के बाद जांच के लिए पहुंचे डीएसपी हरसिमरन सिंह बल ने कहा कि हमें सूचना मिली थी कि उक्त जगह पर स्टांप वेंडर नवचेतन सिंह राणा की गोली लगने से मौत हुई है। ये मोहाली के रहने वाले हैं। क्राइम सीन पर जांच के दौरान हमें एक रिवाल्वर बरामद हुआ है। डीएसपी बल ने कहा कि परिवार के सदस्यों ने जो बयान दर्ज करवाएंगे, उसी आधार पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।











