
उत्तर प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में वाराणसी लखनऊ हाइवे पर रिफांइड आयल से भरा टैंकर पलट गया। इसकी सूचना मिलते ही आसपास के लोग बाल्टी डिब्बे लेकर मौके पर पहुंच गए और रिफांइड आयल भरने लगे। पुलिस ने बताया कि जिले के कमरौली थाना क्षेत्र में वाराणसी लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित कठौरा के पास मंगलवार को सुबह रिफाइंड तेल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर सुल्तानपुर से लखनऊ की तरफ जा रहा था। टैंकर पलटते ही ग्रामीणों में तेल लूटने की होड मच गई।

देखते ही देखते बड़ी संख्या में डिब्बे और बाल्टी के साथ ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीण तेल भर भर कर अपने घर ले जाने लगे। हादसे में टैंकर चालक रामराज पुत्र राम मिलन निवासी बहादुरपुर हैदरगढ़ जिला बाराबंकी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही कमरौली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल चालक को इलाज के लिए जगदीशपुर ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। पूरे मामले में थानाध्यक्ष कमरौली मुकेश कुमार ने बताया कि घायल ड्राइवर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।












