
होशियारपुर/तलवाड़ा (द स्टैलर न्यूज़), संदीप डोगरा। पंजाब सरकार एवं अपने-अपने क्षेत्र के विधायकों द्वारा भले ही विकास कार्यों में तेजी लाने एवं मूलभूत सुविधाओं को यकीनी बनाए जाने के दावे किए जाते हों, लेकिन हलका दसूहा के कंडी क्षेत्र में पड़ता गांवों की लगभग समस्त सड़कें मरम्मत के इंतजार में हैं। उनकी हालत ऐसी है कि पैदल तो दूर वाहन लेकर चलना भी मुश्किल बना हुआ है। आए दिन लोग टूटी सड़कों के कारण हादसों का शिकार होकर चोटिल हो रहे हैं, लेकिन इस समस्या का हल निकालने की पहल कोई नहीं कर रहा।

पथरीला इलाका होने के कारण पता ही नहीं चलता कि सड़क है या फिर खड्ड। लोगों ने बताया कि तलवाड़ा से दौलतपुर चौक मार्ग के साथ लगते समस्त करीब-करीब समस्त गांवों की सड़कों का बहुत बुरा हाल हो चुका है तथा बार-बार गुहार लगाए जाने के बाद भी इनकी हालत सुधारने की तरफ कोई कदम नहीं उठाया जा रहा। अब जबकि बरसात के दिन शुरु हो चुके हैं तो ऐसे में सुधार की उम्मीद और भी धूमिल होती नज़र आने लगी है। लोगों का कहना है कि स्कूल एवं कालेज जाने वाले बच्चों को तो और भी परेशानियां झेलनी पड़ती हैं।
इन दिनों भले ही छुट्टियां हों, मगर एक जुलाई से स्कूल खुलने पर परेशानियां और भी बढ़ने वाली हैं। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने बरसात से पहले ध्यान दिया होता तो गांव निवासियों के साथ-साथ अन्य राहगीरों को राहत मिलती। मगर, मंचों से बड़े-बड़े दावों तक ही सीमित सरकार के दावे यहां आकर न जाने कहां हवा हो जाते हैं। इलाका निवासियों ने सरकार एवं जिला प्रशासन से मांग की कि वह अधिकारियों की ड्यूटी लगाकर इस इलाके का सर्वे करवाकर जल्द से जल्द सड़कों की मरम्मत एवं नई सड़कें बनाने का कार्य शुरु करवाया जाए।











