
मुंबई (द स्टैलर न्यूज़)। मुंबई के गोरेगांव इलाके में एक नामी स्कूल में कथिर तौर पर चार साल की मासूम के साथ यौन उत्पीड़न की शर्मनाक खबर मिली है। गोरगांव पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार, बच्ची के साथ यह घटना सोमवार को हुई है। लड़की को सुबह उसकी दादी ने स्कूल में छोड़ा था, लेकिन जब वह स्कूल से वापस घर आई तो उसने माता पिता से दर्द की शिकायत की। इसके बाद लड़की के माता-पिता तुरंत उसे अस्पताल लेकर गए और उसका मेडिकल चेकअप करवाया। इस जांच में लड़की के साथ यौन उत्पीड़न होने की बात सामने आई। घटना की पता चलने पर माता पिता ने तुरंत स्कूल प्रशासन को मामले की जानकारी दी और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। माता पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने POCSO एक्ट में मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में बच्ची की स्कूल की एक महिला कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि बच्ची के साथ हुई इस घटना में इस महिला की क्या भूमिका था यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले में सबूत जुटाने के लिए स्कूल के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अब तक इस मामले में स्कूल की तीन महिला सहायक कर्मचारियों से पूछताछ की जा चुकी है। बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न किसने किया और इस घटना को कैसे अंजाम दिया इस बात का खुलासा अभी नहीं हो पाया है। पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता से जांच जा रही है।












