Tuesday, October 20, 2026
Home Himachal सास की मौत के सदमे से बहू की मौत

सास की मौत के सदमे से बहू की मौत

हिमाचल प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के कथियाड़ा गांव में एक मार्मिक घटना सामने आई है। जहां एक बुजुर्ग दंपती ने एक ही दिन में संसार को अलविदा कह दिया। घटना से पूरे परिवार और इलाके में शोक की लहर है। उधर, लंबागांव खंड की आशापुरी पंचायत के रोपड़ी गांव में सास की मौत का सदमा बहू सहन नहीं कर पाई और उसने भी प्राण त्याग दिए।

Advertisements

 स्थानीय लोगों के अनुसार ब्रह्मी देवी (78) निवासी गांव कथियाड़ा, डाकघर सलोह ने मंगलवार सुबह लगभग 4:30 बजे अंतिम सांस ली। वह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रही थीं।  उनका अंतिम संस्कार दोपहर को किया गया। अभी परिवार और ग्रामीण इस दुख से उबर भी नहीं पाए थे कि शाम लगभग 7:30 बजे ब्रह्मी देवी के पति बेलू राम (90) ने भी दम तोड़ दिया।

बेलू राम भी पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। एक ही दिन में घर के दो बुजुर्ग सदस्यों के चले जाने से परिवार को गहरा आघात पहुंचा है, वहीं पूरे इलाके में मातम छा गया है। ब्रह्मी देवी और बेलू राम अपने पीछे तीन बेटे और एक बेटी को छोड़ गए हैं। बेलू राम का अंतिम संस्कार बुधवार को किया जाएगा।

उधर, लंबांगाव के रोपड़ी गांव की 85 वर्षीय मकोड़ी देवी पत्नी सर्वदयाल का मंगलवार को निधन हो गया। सास की मौत की खबर सुनते ही उनकी 55 वर्षीय बहू रेखा देवी इतनी घबरा गई कि उनकी भी हालत अचानक बिगड़ गई। परिवार के सदस्य उन्हें अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

रेखा देवी के पति ओंकार मिस्त्री का काम करते हैं, जबकि उनके दोनों बेटे रोजगार के सिलसिले में घर से बाहर रहते हैं। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को शोक में डूबो दिया है। बुधवार को मकोड़ी देवी और रेखा देवी का अंतिम संस्कार एक साथ गांव के श्मशानघाट पर किया जाएगा। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here