
जम्मू/राजौरी (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-अनिल भारद्वाज। जिला राजौरी के अंतर्गत गांव चकजरलां (बगनोटी) में उस समय दर्दनाक हादसा घटित हुआ जब पूर्व सैनिक अब्दुल रशीद पुत्र मीर हुसैन की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। गांवों बालों ने बताया कि बिजली विभाग की लापरवाही से घटना पेश आई है। वहीं इस संबंध में पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर शव का पोस्टमार्टम करवा कर मृतक का शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

मृतक अब्दुल रशीद अपने खेत में गया था, जहां इसी दौरान वह बिजली के खंभे से जुड़े एक तार के संपर्क में आ गया, जिसमें हाई-वोल्टेज करंट लगने से पूर्व सैनिक जमीन पर गिर पड़ा। बिजली का करंट इतना ज्यादा था कि मृतक की दोनों टांगे अलग अलग होकर धू-धू जल रही थी। घटना की सुचना मिलते ही और परिजनों सहित गांवों में चीख पुकार मच गई।
गांव के निवासी मोहम्मद फारूक ने बताया बिजली विभाग की लापरवाही के कारण ही जानी नुकसान हुआ है। बिजली की हाइवोल्टेज लाइन पेड़ व जमीन को छू रही थी जिसके चलते करंट फैला हुआ था। उन्होंने कहा करंट लगने से अब्दुल रशीद का पूरा शरीर झुलस गया था, टांगे अलग अलग हो गई थी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के परिजन गहरे सदमे में हैं। उन्होंने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि इलाके में ढीले और खुले तारों की शिकायत कई बार की गई थी, लेकिन विभाग ने कोई कदम नहीं उठाया। परिवार ने सरकार से न्याय की मांग करते हुए कहा कि प्रशासन व सरकार से अनुरोध करते हैं कि परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए ताकि जीवन-यापन जारी रह सके। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से इस घटना की उच्चस्तरीय जांच करवाने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।












