
रामपुर बुशहर (द स्टैलर न्यूज़)। दहन चौकी के करगोली नाला में कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर गहरी खाई में गिर गई। कार में सवार एक ही परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए। महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में तीन माह का बच्चा भी है। सभी घायलों को ठियोग के सिविल अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। हादसे में घायल परिवार चौपाल के बजरोठ गांव का रहने वाला है।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। बड़ी मुश्किल से घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। घायलों की पहचान शिमला जिले के चौपाल तहसील के बमटा, गांव बजरोठ निवासी सुरेंद्र पुत्र हरिराम, इनकी पत्नी 32 वर्षीय अनिता, पुत्री 18 वर्षीय शिवांगी, पुत्री 8 वर्षीय गौरांगी और तीन माह का बेटा क्रिशव के रूप में हुई है।













