
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़), धीमान| पंजाब के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा 6वीं से 8वीं तक के छात्रों के लिए अच्छी खबर है। केंद्र सरकार के निर्देशों पर अब इन विद्यार्थियों को छोटी उम्र में ही वोकेशनल शिक्षा से जोड़ा जाएगा । इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास पैदा करना और भविष्य में उन्हें रोजगारोन्मुखी शिक्षा के प्रति प्रेरित करना है।

कुल 183.15 लाख रुपये का बजट मंजूर समग्र शिक्षा अभियान (पंजाब) के तहत राज्य के कुल 1221 स्कूलों को इस योजना में शामिल किया गया है । इस पूरी गतिविधि के लिए विभाग द्वारा कुल 183.15 लाख रुपये (1.83 करोड़ से अधिक) की राशि जारी की गई है । प्रत्येक स्कूल को गतिविधियों के आयोजन के लिए 0.15 लाख रुपये (15 हजार रुपये) का यूनिट कॉस्ट दिया गया है।
होशियारपुर जिले पर विशेष ध्यान योजना के तहत होशियारपुर जिले के 54 स्कूलों का चयन किया गया है । इन स्कूलों में प्री-वोकेशनल गतिविधियों के लिए विभाग ने 8.10 लाख रुपये का बजट आवंटित किया है । जिले के शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे एनसीईआरटी द्वारा तैयार किए गए विशेष मॉड्यूल्स के आधार पर ही छात्रों को अलग-अलग ट्रेड की जानकारी दें ।
ऐसे होगी एक्टिविटी और मूल्यांकन
- एनसीईआरटी मॉड्यूल्स: कक्षा 6वीं, 7वीं और 8वीं के लिए अलग-अलग मॉड्यूल तैयार किए गए हैं ।
- समान अवसर: एक्टिविटी के दौरान लड़के और लड़कियों को बराबर का मौका दिया जाएगा ।
- डिजिटल रिकॉर्ड: स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि गतिविधियों की फोटो और वीडियो बनाई जाए और छात्रों का फीडबैक लिया जाए ।
- डेडलाइन: सभी जिलों को 31 जनवरी 2026 तक खर्च की गई राशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र मुख्यालय भेजना होगा ।












