
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। शिवालिक की पहाड़ियों को सुरक्षित रखने और लोगों को प्रकृति से जोड़ने की दिशा में शिवालिक हाइक एंड ट्रेक क्लब रजिस्टर्ड होशियारपुर एक मिसाल बनकर उभरा है। यह क्लब केवल ट्रेकिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, फिटनेस और सामुदायिक सेवा को एक साथ जोड़ते हुए समाज को नई सोच दे रहा है। हर रविवार क्लब के सदस्य शिवालिक की पहाड़ियों में हाइक और ट्रेक करते हैं, जहां मोबाइल और डिजिटल दुनिया से दूर रहकर लोग प्रकृति के बीच सुकून और मानसिक संतुलन का अनुभव करते हैं।

पर्यावरण संरक्षण को और मजबूत करते हुए क्लब ने आगामी मानसून में होशियारपुर के सीमावर्ती इलाकों में 5,000 नए पौधे लगाने का बड़ा लक्ष्य तय किया है। इस महत्वाकांक्षी अभियान की तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं। क्लब के सदस्य हर रविवार चिन्हित क्षेत्रों में जाकर पौधारोपण के लिए जगहों की मार्किंग कर रहे हैं और गड्ढे खोदने का कार्य कर रहे हैं, ताकि मानसून आते ही बड़े पैमाने पर पौधे लगाए जा सकें। क्लब का मानना है कि अगर आज सही समय पर तैयारी की जाए, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
फिटनेस के क्षेत्र में भी शिवालिक हाइक एंड ट्रेक क्लब की भूमिका सराहनीय है। नियमित हाइक और ट्रेक से लोगों को न केवल शारीरिक मजबूती मिलती है, बल्कि तनाव से राहत और मानसिक स्वास्थ्य में भी सुधार होता है। क्लब की गतिविधियाँ यहीं तक सीमित नहीं हैं। यह टीम परिवारों के साथ नाइट कैंपिंग करती है, जंगल और ट्रेल्स की सफाई करती है और गर्मियों में जंगली जानवरों के लिए पानी के छोटे-छोटे गड्ढे भी बनाती रहती है। इन प्रयासों के चलते क्लब को स्थानीय लोगों का भरपूर सहयोग और सम्मान मिला है।
क्लब की सबसे बड़ी ताकत इसकी विविध सदस्यता है। यहां इंजीनियर, बिजनेसमैन, शिक्षक, प्रोफेसर, एडवोकेट और यहां तक कि कुछ जज भी सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों का यह संगम क्लब को और मजबूत बनाता है और समाज के हर वर्ग तक इसका संदेश पहुंचाता है।
क्लब के पुरुष सदस्यों में जसविंदर सिंह, प्रदीप गुप्ता, शमशेर, मनु,रजनीश गुलियानी ,अमृतपाल, विकास और गुरजीत सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, वहीं महिला सदस्यों में रूपिंदर , कमलेश , ज्योति , अनमोल और हरप्रीत क्लब की गतिविधियों को मजबूती से आगे बढ़ा रही हैं।
हर रविवार शिवालिक हाइक एंड ट्रेक क्लब रजिस्टर्ड लोगों को घरों से बाहर निकलने, स्वच्छ हवा में चलने और होशियारपुर की पहाड़ियों को सुरक्षित रखने की सामूहिक जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करता है। 5 हजार पौधों का यह संकल्प न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम है, बल्कि आने वाले समय में शिवालिक क्षेत्र को और हरा-भरा बनाने की मजबूत नींव भी साबित होगा।












