
बेंगलुरु (द स्टैलर न्यूज़)। बेंगलुरु के विवेक नगर इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसा होने का समाचार प्राप्त हुआ है। इस हादसे में मां और उसके छोटे बेटे की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह 6.45 से 6.50 बजे के बीच हुई जब संगीता अपने बेटे को पैदल स्कूल ले जा रही थी। तभी एक बस ने सड़क पर मां-बेटे को भीषण टक्कर मार दी। इस घटना में दोनों को बेहद गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। घटना के बाद बस चालक वाहन छोड़कर घटनास्थल से फरार हो गया।

पुलिस को संदेह है कि वह मौके पर जमा हुए गुस्साए निवासियों के हमले के डर से घबरा गया होगा। उसका पता लगाने और उसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। कॉलेज की बस टीचर्स को लेकर जा रही थी। पुलिस ने कहा कि चालक यू-टर्न ले रहा था और उसने मां और बेटे को सड़क पार करते हुए नहीं देखा, जिसके कारण ये दुर्घटना हुई।












