
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। फिल्म बम्बूकाट 2 के लीड स्टार कलाकार करमजीत अनमोल ने प्रसिद्ध समाजसेवी एवं शिक्षाविद् संजीव कुमार के साथ विशेष बातचीत में फिल्म को लेकर अपने विचार साझा किए। करमजीत अनमोल ने बताया कि ‘बम्बूकाट 2’ एक ऐसी पारिवारिक फिल्म है, जिसमें भावनाओं की गहराई, रिश्तों की मिठास और पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बेहद खूबसूरती से दर्शाया गया है। उन्होंने कहा कि फिल्म में पति-पत्नी, भाई-बहन और परिवार के अन्य रिश्तों को बड़े ही संवेदनशील और मनोरंजक अंदाज़ में प्रस्तुत किया गया है, जिससे हर वर्ग का दर्शक खुद को जुड़ा हुआ महसूस करेगा।


उन्होंने आगे कहा कि यह फिल्म प्यार, सम्मान और पारंपरिक मूल्यों को दर्शाती है, जो पंजाब की असली पहचान हैं। यह एक संपूर्ण पारिवारिक मनोरंजन फिल्म है, जिसे बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी एक साथ बैठकर देख सकते हैं। फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में एम्मी विर्क, बिन्नू ढिल्लों, गुरप्रीत घुग्गी, सिमी चाहल, सरदार सोही और स्वयं करमजीत अनमोल जैसे दिग्गज कलाकार नजर आएंगे, जिनकी अदाकारी फिल्म को और भी खास बनाती है।
करमजीत अनमोल ने दर्शकों से अपील की कि वे ‘बम्बूकाट 2’, जो शुक्रवार 20 फरवरी 2026 को रिलीज हो रही है, अवश्य देखें और पंजाबी सिनेमा को अपना समर्थन दें। इस अवसर पर समाजसेवी, शिक्षाविद् एवं पत्रकार संजीव कुमार ने पूरी टीम को फिल्म की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।











