Monday, October 12, 2026
Home Crime भतीजा निकला चाची का हत्यारा, पुलिस ने सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी

भतीजा निकला चाची का हत्यारा, पुलिस ने सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी

गढ़शंकर/होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब पुलिस की ओर से संगीन अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत डीजीपी गौरव यादव के आदेशों और एसएसपी संदीप कुमार मलिक के दिशा-निर्देशों अनुसार डीएसपी गढ़शंकर दलजीत सिंह खख के नेतृत्व में गढ़शंकर पुलिस को उस समय बड़ी सफलता मिली, जब गांव महिंदवाणी में हुए हाई-प्रोफाइल ब्लाइंड मर्डर केस को ट्रेस करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

Advertisements

पुलिस ने आरोपी राकेश कुमार पुत्र स्व. रोशन लाल निवासी महिंदवाणी, थाना गढ़शंकर को 22 फरवरी 2026 को शाम लगभग 7 बजे शाहपुर घाटा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। 23 फरवरी को आरोपी को अदालत में पेश कर 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया। रिमांड के दौरान पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त 32 बोर पिस्तौल, 3 जिंदा कारतूस, एक दातर तथा प्लेटिना मोटरसाइकिल (PB-16-F-7663) बरामद कर ली है।

गौरतलब है कि 7 फरवरी 2026 को रचना (लगभग 60 वर्ष), पत्नी शाम लाल, निवासी महिंदवाणी, को सुबह करीब 5:30 बजे महाराज भूरीवाले कुटिया से माथा टेककर लौटते समय मोटरसाइकिल सवार अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में थाना गढ़शंकर में मुकदमा नंबर 20 तिथि 07.02.2026 धारा 103(1) बीएनएस तथा 25/27/54/59 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी होशियारपुर संदीप कुमार मलिक के निर्देश पर डीएसपी गढ़शंकर दलजीत सिंह खख के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने दिन-रात मेहनत करते हुए विभिन्न पहलुओं पर जांच की और अंततः मामले को सुलझाने में सफलता प्राप्त की।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह हिमाचल प्रदेश के गांव गोंदपुर में रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाता था। उसे शक था कि उसकी चाची रचना ने उसके घर पर काला जादू कराया, जिससे उसके पिता की मृत्यु हुई और उसका कारोबार भी ठप हो गया। इसी अंधविश्वास के चलते उसने हत्या की साजिश रची। आरोपी ने पहले भी दो बार वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो पाया।

घटना से दो दिन पहले आरोपी ने अपनी पत्नी और बच्चों को ससुराल छोड़ दिया तथा कार खराब होने का बहाना बनाकर एक परिचित से मोटरसाइकिल ली। 7 फरवरी की सुबह लगभग 5:15 बजे वह कुटिया जाने वाले रास्ते पर मुंह बांधकर खड़ा हो गया और जैसे ही रचना वहां से गुजरी, उसने पिस्तौल से तीन गोलियां मारकर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। वारदात के समय उसने अपना मोबाइल फोन भी बंद रखा।

पुलिस के अनुसार, आरोपी से रिमांड अवधि के दौरान और गहन पूछताछ की जाएगी, जिससे मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here