
हिमाचल प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में भारी भूस्खलन होने का समाचार प्राप्त हुआ है। पहाड़ का बड़ा हिस्सा दरक गया। इस कारण मणिकर्ण-बरशैणी सड़क पूरी तरह से बंद हो गई है। घाटीगढ़ के समीप पहाड़ी से लगातार गिर रहे पत्थरों और मलबे के कारण मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। यह भूस्खलन साफ मौसम में हुआ, जिससे लोगों में और अधिक भय का माहौल है। गनीमत रही कि भूस्खलन की चपेट में कोई वाहन नहीं आया।

भूस्खलन का वीडियो सामने आया है, जिसमें तीन गाड़ियां ऐन मौके पर रुक गईं। बताया जा रहा है कि बारिश और बर्फबारी के बाद पहाड़ी का बड़ा हिस्सा अस्थिर हो चुका है। दिन-रात छोटे-बड़े पत्थर सड़क पर गिर रहे हैं, जिससे इस मार्ग पर सफर करना खतरे से खाली नहीं है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले भी कई बार यह मार्ग बंद हो चुका है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।












